किशोर-किशोरियों ने वैक्सीनेशन के प्रति दिखाया अपार उत्साह: दूसरे दिन 4 लाख से ज्यादा लाभार्थियों ने लगवाई कोवैक्सीन की प्रथम डोज



जयपुर - प्रदेश में 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों के लिए 3 जनवरी से प्रारंभ हुए वैक्सीनेशन के दूसरे दिन (शाम 5.30 बजे तक) 4 लाख 5 हजार 761 लाभार्थियों को कोवैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई। विगत 2 दिनों में अब तक 7 लाख 71 हजार 15 लाभार्थियों को कोवैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।

चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने बताया कि प्रदेश के 4603 कोविड टीकाकरण केन्द्रो पर स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा बच्चों का वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया की दोनों दिनों को मिलाकर अब तक 16.57 फीसद टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा प्रदेश में किशोर किशोरियों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।

चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने बताया बच्चों के अलावा सामान्य टीकाकरण में भी गति लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी (शाम 5.30 बजे तक) तक प्रदेश में कुल 8 करोड़ 34 लाख, 44 हजार 81 लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन की डोजेज दी जा चुकी है। इसमें 4 करोड़ 78 लाख 37 हजार 369 ( 92.89% ) को प्रथम डोज तथा 3 करोड़ 56 लाख 6 हजार 712 ( 74.43% ) लाभार्थियों को द्वितीय डोज कोविड वैक्सीन की दी जा चुकी है।

गालरिया ने कहा कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा कार्मिक लोगों के घर-घर जाकर वैक्सीनेशन कर रहे हैं। साथ ही उन्हें वैक्सीनेशन का महत्व भी समझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन करवा कर ही हम कोरोना जैसी महामारी से स्वयं और समाज का बचाव कर सकते हैं।