57 वर्ष के हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, बधाइयों का लगा तांता



शिमला - हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गुरुवार को 57वां जन्मदिन है। उनका जन्म 6 जनवरी 1965 को मंडी जिला के सिराज विधानसभा क्षेत्र के तांदी गांव में हुआ था। गुरुवार को उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है और पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उनको जन्मदिन की बधाई देने के लिए सुबह से ही लोगों को तांता लगा हुआ है।

सोशल मीडिया पर लगातार बधाई संदेश आ रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयराम ठाकुर को जन्मदिन की बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी जयराम ठाकुर को जन्मदिन की बधाई दी है।

जयराम ठाकुर ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर सरकारी निवास ओक ओवर के परिसर में नाटी डाली। मुख्यमंत्री के साथ धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर ने भी लोकनृत्य किया। इससे पहले सुबह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने जन्मदिवस पर पूजा-अर्चना की।

जयराम ठाकुर 33 वर्ष की आयु में पहली बार विधायक बने, जब प्रेम कुमार धूमल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। धूमल के नेतृत्व में भाजपा सरकार वर्ष 2007 में दूसरी बार सत्ता में आई, तो जयराम ठाकुर के पास ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री का जिम्मा रहा। इसके अलावा जयराम ठाकुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर भी आसीन रहे। 27 दिसम्बर 2017 को जब जयराम ठाकुर को हिमाचल के मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी मिली, तो उस समय राजनीति में एक नया आगाज हुआ। शांत स्वभाव के तौर पर पहचान बनाने वाले जयराम ठाकुर का बचपन गरीबी में कटा। परिवार में तीन भाई, दो बहनें हैं। पिता खेती बाड़ी और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। जयराम ठाकुर तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं।

उनकी प्राथमिक शिक्षा कुराणी स्कूल और उच्च शिक्षा बगस्याड़ स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने मंडी कॉलेज से बीए और पंजाबी यूनिवर्सिटी से एमए की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज के दौरान वह एबीवीपी से जुड़कर छात्र राजनीति में आए। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। जयराम ठाकुर की वर्ष 1995 में जयपुर की डाॅक्टर साधना ठाकुर के साथ शादी हुई। जयराम ठाकुर की दो बेटियां हैं, जो डाॅक्टरी की पढ़ाई कर रही हैं।