उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया परेड का निरीक्षण



बोकारो - 73 वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों में सोमवार को सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास हुआ। उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक चंदन झा ने परेड का निरीक्षण किया। फिर उपायुक्त ने तिरंगे को सलामी दी।

उपायुक्त व एसपी ने मुख्य समारोह को बेहतर बनाने के लिए परेड से संबंधित कई दिशा निर्देश दिए। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चास) पुरुषोत्तम कुमार सिंह,पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) पूनम मिंज, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय मुकेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी विवेक सुमन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, मेजर अजीत कुमार झा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुख्य कार्यक्रम से 10 वर्ष से नीचे के बच्चों एवं 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को अलग रखा गया है। इस बार भी परेड में किसी भी विद्यालय के बच्चे शामिल नहीं होंगे। परेड में केवल पुलिस अवर निरीक्षक, सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, झारखंड सशस्त्र पुलिस बल फोर (बोकारो), जिला पुरुष सशस्त्र बल -1, जिला पुरुष सशस्त्र बल - 2, जिला महिला सशस्त्र बल एवं गृहरक्षा वाहिनी के जवानों को शामिल किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मास्क व पारस्परिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सीमित संख्या में ही लोग कार्यक्रम स्थल पर शामिल होंगे।

इधर गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पुलिस लाइन मैदान की रंगाई पुताई कर आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। मौके पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि कोरोना के कारण लेकर बदली हुई परिस्थिति में गणतंत्र दिवस मनाने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास का जायजा लिया। गया है सभी प्लाटूनों ने निर्धारित समय पर कार्यक्रम को पूरा किया। उन्होंने बताया कि इस बार भी भीड़ पर नियंत्रण रहेगा। कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित करने को सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गये हैं। मास्क एवं सेनेटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर दस वर्ष के नीचे आयु वर्ग के बच्चों व 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग लोगों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है। सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारी एवं मेडिकल टीम तैनात रहेगी।