अल्मोड़ा में बोले प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के प्रति दिख रहा है जनता का अभूतपूर्व प्यार



अल्मोड़ा -  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मतदाता कभी भी नेक नीयत का साथ नहीं छोड़ते। वेअच्छा कार्य करने वाले को भूलते नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तो चुनाव प्रचार के दौरान जो दृश्य उन्होंने देखा है, उनके अनुसार इस चुनाव को भाजपा से ज्यादा जनता खुद लड़ रही है। माताएं- बहनें और नौजवान भाजपा के चुनाव प्रचार में खुद जुट गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग से अनुमति मिलने के बाद एक ही दिन में तीन राज्यों का दौरा कर आज अल्मोड़ा पहुचे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाताओं के उत्साह के चलते इस बार भाजपा भारी बहुमत से चुनाव जीतने जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करने वालों को अल्मोड़ा के मतदाताओं का उत्साह देखना होगा। यह उत्साह दिखा रहा है कि फिर एक बार भाजपा सरकार आने वाली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता जानती है कि भाजपा ही इस दशक को उत्तराखंड उज्ज्वलता का दशक बना सकती है। उन्होंने कहा कि फिर एक बार भाजपा की सरकार बनानी है, ताकि जितनी ऊंचाई पहाड़ों की है, विकास के मामलों में भी उतनी हीऊंचाई तक उत्तरीखंड को पहुंचाया जा सके।

मोदी ने कहा कि उत्तराखंड विकास के शिखर तक पहुंच रहा है। संकल्प पत्र भी विकास की नई ऊर्जा से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास तभी होता है, जब बिना स्वार्थ के साथ किया जाय। उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास की अवधारणा को लेकर चल रही है।

उन्होंने कहा कि विरोधियों के कारनामे, करतूत और भाषा बताती है कि वह सबमें डालो फूट मिलकर करो लूट के सिद्धांत पर चल रहे हैं। कांग्रेस की यही नीति रही है। सबमें डालो फूट मिलकर करो लूट, कहा कि यह लोग मजहब और जाति, इलाकों और खेतों तक में फूट डालते हैं। उत्तराखंड की जनता इस साजिश का शिकार हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंडियों को हमेशा कुमाऊंनी गढ़वाली और तराई के नाम पर लड़ाने का प्रयास किया। उनसे अलग हमारे लिए पूरा उत्तराखंड देव भूमि है और एक एक बच्चा देवतुल्य है।



मोदी ने कहा कि अगले पांच साल को उत्तराख्ंड का दशक बनाने का मौका मत जाने दीजिए । आने वाले समय में उत्तराखंड मानसखंड टूरिस्ट सर्किट बनने वाला है । मोदी ने कहा कि हल्द्वानी में ही 17 हजार करोड़ रुपये का विकास कार्यों का लोकार्पपर्ण का मौका उन्हें मिला था। इससे रोजगार और पर्यटन की असीम संभावनाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामर्थ्य पर विश्वास नहीं करने वाले आपसे वोट मांग रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने सबसे पहले शत- प्रतिशत कोरोना वैक्सीन लगाने का पहला रिकार्ड बनाया। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को कोरोना से बचाने का प्रयास किया। अब पहाड़ों में रेल भी पहुंचने वाली है। यह सपना आने वाले समय में जरूर साकार होगा और हम ही पूरा करेंगे। अब देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस वे बनने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वह यहां के हर इलाके से परिचित हैं। पहाड़ की ताकत और सामर्थ्य तथा नेकनीयत और ईमानदारी को जानते हैं। इसलिए यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए उत्तराखंड का विकास सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसे देखते हुए ही पर्वतमाला परियोजना बनाई गई है। पूर्व की सरकारों ने पहाड़ की हमेशा से उपेक्षा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक सड़कों के साथ ही आने- जाने के लिए रोपवे भी बनाए जाएंगे। सीमा में सटे गांवों के विकास के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी। मातृभूमि के लिए अपनी जान लगाने वालों के सीमावर्ती गांवों की अनदेखी अब नहीं होगी।