भाजपा की जीत, मुख्यमंत्री योगी के कार्यों का प्रभाव : नन्दी



प्रयागराज - शहर दक्षिण के भाजपा प्रत्याशी एवं मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपनी जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सीएम योगीजी के किये गये कार्यों का प्रभाव है। उन्होंने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए उन्होंने जो काम किया। वही 2022 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनना उसी काम का प्रभाव है। भाजपा का संकल्प पत्र पूरा हुआ है।

मंत्री नन्दी ने 26,770 मतों से जीत दर्ज की है। उनको कुल 97,487 वोट मिले और सपा प्रत्याशी रईस शुक्ला को 71,070 वोट मिले। नन्दी ने कहा शहर दक्षिणी विधानसभा के एक-एक देवतुल्य कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का मैं बारम्बार शुक्रिया अदा करता हूं। सौ-सौ बार धन्यवाद करता हूं। जिन्होंने इस बार 98 हजार से ज्यादा वोट देकर फिर से मुझे विधायक चुना।

उन्होंने कहा चुनाव दर चुनाव 34,846 वोट से राजनीति शुरू हुई थी। उसके बाद 43 हजार, फिर 93 हजार और अब 98 हजार से अधिक वोट देकर विधायक बनाया है। इस जीत के लिए मुख्यमंत्री जी को भी प्रणाम है। उन्होंने कहा कि जब से राजनीति में आया हूं तब से लगातार चुनाव दर चुनाव वोट बढ़ता ही जा रहा है। साथ अगर यूं ही रहा तो काम अच्छा करेंगे आपके लिए जिए हैं, आपके लिए मरेंगे। इस दौरान अपनी विजय पर उन्होंने अपने दोनों बच्चों के साथ खुशियां व्यक्त की।

मंत्री नंदी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 87,963 घर हैं, जिनमें 73,139 घरों में उनका वन टू वन संपर्क है। जनमानस ने आशीर्वाद देकर यह दिखाने का काम किया है। नन्दी ने कहा कि मतदाताओं द्वारा दिया गया एक एक वोट उनके ऊपर कर्ज है। विकास कार्यों को करा कर, सुख दुख में अपनी हाजिरी लगा कर वे इस कर्ज को आजीवन उतारने का प्रयास करेंगे।