बिहार में RJD फाइनेंसर समेत 5 नेताओं पर CBI छापा, झारखंड CM के करीबी के घर ED



नई दिल्ली (एजेंसी) - CBI और ED की टीमें बुधवार को देश में 22 ठिकानों पर छापे मार रही है। CBI की टीमों ने बिहार में राजद के 5 नेताओं के घर छापा मारा। इनमें 2 राज्यसभा सांसदों के अलावा पूर्व विधायक और राजद के फाइनेंसर अबु दोजाना भी शामिल हैं। यह मामला जमीन के बदले रेलवे में रोजगार घोटाले से जुड़ा है। राजद ने बिहार में फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले पड़े इन छापों को बदले की कार्रवाई बताया है। उधर, ED ने खनन घोटाले में एक्शन लिया है। झारखंड में रांची, दिल्ली और तमिलनाडु में 17 जगहों पर ED की रेड जारी है। झारखंड के CM हेमंत सोरेन के करीबी रहे प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर ED छानबीन कर रही है। CBI की टीम सुबह 8 बजे अबु दोजाना, RJD के राज्यसभा सांसद अशफाक करीम, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद और RJD के कोषाध्यक्ष और MLC सुनील सिंह के घर पहुंची। छापे के दौरान सुनील सिंह अपने घर की बालकनी में नजर आए। सुनील और उनकी पत्नी ने छापों को बदले की कार्रवाई बताया है। सुनील सिंह ने कहा कि मुझे बाहर कर दिया है और मेरे घर में घुस गए। 

उधर, अबु दोजाना के ठिकाने पर भी अभी छानबीन जारी है। दोजाना की कंपनी उस मॉल का कंस्ट्रक्शन कर रही है, जिसे तेजस्वी यादव का बताया जा रहा है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ने CBI की कार्रवाई पर भाजपा का नाम लिए बगैर कहा- ये बलात्कारी पार्टी है। फ्लोर टेस्ट के पहले ही नीचता पर आ गई है। अपने पोसुआ (पालूत जानवर) को डराने के लिए भेजा है। राजद ने कहा कि बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले केंद्र सरकार ये सारे छापे जानबूझकर करवा रही है। ये सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है। हम बिहारी हैं। टिकाऊ हैं, बिकाऊ नहीं। CBI ने तीन महीने पहले केस दर्ज किया था। इसके बाद राबड़ी आवास पर छापेमारी की गई थी। इसमें तेजस्वी यादव के कमरे से कई दस्तावेज सामने आने की बात कही गई थी। इस छापेमारी के बाद ही लालू यादव के सबसे करीबी माने जाने भोला यादव को गिरफ्तारी किया था। भोला यादव से पूछताछ के बाद सीबीआई की यह कार्रवाई शुरू हो रही है।