मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत भाजपाईयों ने घर-घर जाकर एकत्र किया आँगन की मिट्टी



-भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में रूदौली नगर में चलाया गया अभियान

रूदौली-अयोध्या(आरएनएस)। रूदौली नगर में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में भाजपाइयों ने “मेरी माटी मेरा देश“ अभियान के तहत घर-घर जाकर घरों के आँगन की मिट्टी कलश में एकत्रित किया। 1 सितंबर से 17 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में दिल्ली में बनने वाले अमृत वन के लिए किए जा रहे मिट्टी संग्रह अभियान के तहत जिस घर में मिट्टी उपलब्ध नहीं है वहां से एक चुटकी चावल का संग्रह कलश में किया जा रहा है।


कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने शहीदों के सम्मान और देश के वीरों की यश गाथा को जगाने के लिए किया जा रहा है, इस कार्यक्रम के तहत जहां एक-एक कार्यकर्ता जनता के घरों में जाकर उनसे मिट्टी लेकर उनका और देश की मिट्टी का सम्मान कर रहे हैं वहीं राजधानी दिल्ली में देश के वीरों की गाथा का सम्मान करने के लिए बनने वाले उद्यान में इस मिट्टी का उपयोग निश्चित रूप से एक एक भारतवासी के लिए गौरव के साथ साथ देश की जनता को एक दूसरे से जुड़ाव का अनुभव कराएगा। भाजयुमों जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक कलश में एकत्रित की जा रही प्रत्येक घर की एक मुठ्ठी माटी भारतीय अखण्डता का प्रतीक है जिसके लिए नगर के प्रत्येक वार्ड में भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली काम कर रही है। भाजपा नगर अध्यक्ष शेखर गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक पर इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी है क्योंकि यह अभियान हमें उस जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है कि हम सभी को मिलकर एक मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण करना है। इस अभियान में भाजपा नगर महामंत्री मनीष आर्य, राज किशोर सिंह, सभासद पंकज शर्मा, रामराज लोधी, कृष्ण कुमार कौशल, पूर्व सभासद राजकुमार सोनकर, सतीश वैश्य, अतुल पांडेय, शुशांत मिश्रा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।