अयोध्या से रामेश्वरम तक 290 स्थानों पर लगेंगे श्रीराम स्तंभ



अयोध्या । श्री राम शोध संस्थान द्वारा 40 वर्षों तक किए गए शोध के आधार पर मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े राम वन गमन मार्ग पर 290 स्थानों पर श्रीराम स्तंभ स्थापित करने की योजना बनाई है। यह स्थान अयोध्या से लेकर रामेश्वरम तक हैं। जिसमें कई राज्य और उन राज्यों के कई शहर शामिल हैं। यह योजना अशोक सिंघल फाउंडेश के सौजन्य से 30 सितंबर से प्रारंभ की जाएगी।  कारसेवकपुरम में गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव और अशोक सिंघल फाउंडेशन के सदस्य चंपत राय ने बताया कि राम अवतार शर्मा ने 40 वर्षों तक शोध कर 290 स्थान को चिन्हित किया है। जहां पर प्रभु श्री राम के चरण पड़े थे।  उन सभी स्थानों पर अशोक सिंघल फाउंडेशन के सौजन्य से श्रीराम स्तंभ स्थापित किए जाएंगे। जिस स्थान पर पर यह स्तंभ लगाए जाएंगे उस स्थान के स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार को किसी भी तरह का खर्च नहीं देना पड़ेगा। इसका पूरा खर्च अशोक सिंगला फाउंडेशन उठाएगी।  उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को पहला श्रीराम स्तंभ अयोध्या पहुंच जाएगा।

यहां के प्राचीन मणि पर्वत पर संत महात्मा और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में इसको स्थापित किया जाएगा। इस स्तंभ में श्रीमद् वाल्मीकि रामायण के आधार पर चौपाइयां लिखी होंगी। जिस राज्य में यह स्तंभ स्थापित होगा उस राज्य की स्थानीय भाषा में भी चौपाइयां लिखी जाएगी।