नगर निगम बोर्ड की बैठक में पास हुआ अलीगढ़ को हरिहरगढ़ करने का प्रस्ताव



लखनऊ(एजेंसी) - अलीगढ़ अब हरिहरगढ़ के नाम से जाना जाएगा। नए नाम के प्रस्ताव पर अलीगढ़ नगर निगम बोर्ड ने मुहर लगा दी है। अब नगर निगम बोर्ड से पास प्रस्ताव को सरकार के पास भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अलीगढ़ शहर और जिला नए नाम से जाना जाने लगेगा।

अलीगढ़ नगर निगम बोर्ड की बैठक में भारतीय जनता पार्टी पार्षद संजय पंडित ने अलीगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव में उन्होंने अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिहरगढ़ रखने की मांग की। अब भाजपा पार्षदों के बहुमत वाली नगर निगम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।  बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ सरकार नगर निगम बोर्ड से पास प्रस्ताव को लागू कर अलीगढ़ का नाम हरिहरगढ़ कर सकती है।

बैठक की अध्यक्षता मेयर प्रशांत सिंघल ने की। इसमें नगर आयुक्त अमित आसेरी, अपर नगर आयुक्त रितु पुनिया एवं राकेश कुमार यादव और सीटीओ अशोक सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।