क्रिकेटर मोहम्मद शमी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित, बैडमिंटन जोड़ी सात्विक-चिराग को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार



नई दिल्ली।  नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड सेरेमनी आज सुबह 11.00 बजे से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भवन में शुरू हुई। सबसे पहले द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिए गए। राष्ट्रपति 2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को अलग-अलग अवॉर्ड से सम्मानित करेंगी। देश की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड मिलेगा। वहीं, मोहम्मद शमी समेत 26 खिलाडिय़ों को अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जा रहा है। अर्जुन अवॉर्ड विनर शमी ने क्रिकेट विश्व कप 2023 में बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया था। जहां भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रहा। टूर्नामेंट के शुरुआती 4 मैच नहीं खेलने के बावजूद शमी 24 विकेट लेकर टूर्नामेंट टॉप विकेट टेकर रहे। गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) को कोचिंग का सबसे बड़ा सम्मान द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया गया।

वहीं बैडमिंटन स्टार जोड़ी चिराग और सात्विक के लिए 2023 साल बहुुत ही यादगार रहा। उन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता (एशियन गेम्स के बैडमिंटन इवेंट में भारत का पहला गोल्ड) और एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता। इस जोड़ी ने इंडोनेशिया सुपर 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस सुपर 300 के खिताब भी जीते। सात्विक-चिराग वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल विनर हैं और 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीतकर लौटे थे। दोनों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड मिलेगा, जो भारत में खेलों का सर्वोच्च सम्मान है।