जहां आम लोग नहीं पहुंच पाते, वहां हमने की शूटिंग : अमृता खानविलकर

भारतीय ओटीटी इंडस्ट्री लगातार नए और दमदार कंटेंट के साथ दर्शकों को आकर्षित कर रही है। बड़े फिल्ममेकर्स अब वेब सीरीज के जरिए ऐसी कहानियां लेकर आ रहे हैं, जो पहले कभी पर्दे पर देखने को नहीं मिलीं। इसी कड़ी में मशहूर निर्देशक और निर्माता नीरज पांडे तस्करी नामक नई वेब सीरीज लेकर आ रहे हैं। इस सीरीज में बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी और लोकप्रिय अभिनेत्री अमृता खानविलकर अहम भूमिकाओं में हैं। यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। अमृता खानविलकर ने इस वेब सीरीज को लेकर अपनी खुशी और अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, नीरज पांडे जैसे निर्देशक के साथ काम करना हमेशा खास होता है, क्योंकि उनकी कहानियां वास्तविक और जमीन से जुड़ी होती हैं। तस्करी की शूटिंग का अनुभव बेहद रोमांचक रहा, और इस सीरीज पर काम करते हुए मैंने हर पल कुछ नया सीखा। यह मेरे लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
अमृता ने कहा, सीरीज में किसी भी तरह के बनावटी सेट का इस्तेमाल नहीं किया गया, बल्कि वास्तविक जगहों पर शूटिंग हुई है ताकि कहानी ज्यादा सच्ची और प्रभावशाली लगे। शूटिंग के दौरान हमें ऐसी जगहों पर जाने का मौका मिला, जो आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
अभिनेत्री ने कहा, एयरपोर्ट के भीतर के ऐसे हिस्सों में शूटिंग की गई, जहां आम यात्रियों की पहुंच नहीं होती। इसमें एयरपोर्ट के एयरपैड्स और अन्य प्रतिबंधित जोन शामिल थे। इन जगहों पर शूट करना आसान नहीं था। लेकिन, इससे सीरीज की प्रामाणिकता और भी बढ़ गई है। यह अनुभव मेरे करियर के सबसे यादगार पलों में से एक बन गया।
इमरान हाशमी के साथ काम करने के अनुभव को लेकर भी अमृता ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, इमरान हाशमी एक बेहद सरल और विनम्र इंसान हैं। उनके साथ काम करना पेशेवर रूप से अच्छा तो था ही, व्यक्तिगत तौर पर भी काफी सहज और आनंददायक अनुभव रहा।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अमृता ने बताया कि तस्करी में उनका रोल एक एनर्जेटिक और थोड़ी गुस्सैल लड़की का है। यह किरदार भावनाओं और जोश से भरा हुआ है, जिसे पर्दे पर निभाना उनके लिए काफी मजेदार रहा।
उन्होंने कहा, इस किरदार की पूरी यात्रा को जीना मेरे लिए एक चुनौती भी थी और एक सुखद अनुभव भी। मैं इस बात को लेकर बेहद खुश हूं कि यह सीरीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के सामने आएगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular