गोलमाल 5 में हंसी के साथ लगेगा फैंटेसी का तड़का, पहली बार महिला विलेन से होगा गोलमाल गैंग का सामना

बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है, लेकिन इस बार कहानी में बड़ा ट्विस्ट होने वाला है। निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी सुपरहिट सीरीज के पांचवें पार्ट गोलमाल 5 को एक नए अंदाज में लेकर आ रहे हैं। फिल्म को लेकर क्या नया अपडेट है, चलिए जानते हैं।
खास बात यह है कि इस बार फिल्म सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें फैंटेसी एलिमेंट भी देखने को मिलेगा। इसके साथ ही गोलमाल की दुनिया में पहली बार एक महिला विलेन की एंट्री होने जा रही है। साल 2006 में शुरू हुई ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी ने जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग और यादगार किरदारों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। पहले पार्ट से लेकर ‘गोलमाल अगेन’ तक, हर फिल्म ने अलग-अलग अंदाज में दर्शकों को हंसाया। अब पांचवें पार्ट में कहानी को और दिलचस्प बनाने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अजय देवगन एक बार फिर गोपाल के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू की पूरी टोली वापसी कर रही है। इसके अलावा, पहले भाग का अहम चेहरा रहे शरमन जोशी भी इस बार फिर से गोलमाल गैंग का हिस्सा बनेंगे, जिससे पुराने फैंस के लिए यह फिल्म और भी खास हो जाएगी।
कॉमेडी के दिग्गज कलाकारों की बात करें तो फिल्म में जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कालसेकर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे, जो अपने-अपने अंदाज में कहानी को और मजेदार बनाएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म में एक कॉमेडी से भरपूर गैंगस्टर टाइप किरदार भी होगा, जो कहानी में हंसी का फैक्टर लेकर आएगा।
सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि फिल्म की नेगेटिव भूमिका एक महिला निभाएगी। गोलमाल सीरीज में अब तक विलेन का अंदाज हमेशा अलग रहा है, लेकिन इस बार महिला किरदार के जरिए कहानी को नया मोड़ दिया जाएगा। हालांकि, इस भूमिका के लिए अभी तक किसी अभिनेत्री का नाम फाइनल नहीं हुआ है और मेकर्स कास्टिंग को लेकर मंथन में जुटे हुए हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular