लेटेस्ट न्यूज़
11 Feb 2026, Wed

रणवीर-दीपिका की सुरक्षा ने बढ़ाई सोसायटी मेंबर्स की चिंता, पुलिस तक पहुंचा मामला तो सामने आई बड़ी जानकारी

अभिनेता रणवीर सिंह को व्हॉट्सएप पर एक वॉइस नोट भेजकर धमकी दी गई है। एक अनजान शख्स ने अभिनेता से करोड़ों रुपये की रकम मांगी है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बीच उनकी सुरक्षा में इजाफा किया गया है। रणवीर और दीपिका पादुकोण के घर के बाहर अचानक सिक्योरिटी में बढ़ोतरी देख सोसाइटी के लोगों ने चिंता जताई है। पुलिस को लिखे पत्र में कहा गया है कि रणवीर सिंह और दीपिका ने सोसाइटी प्रबंधन और सोसाइटी के सदस्यों को बताए बिना निजी सिक्योरिटी तैनात की है।
लोगों ने जताई चिंता, कही ये बात
मुंबई के प्रभादेवी हाउसिंग सोसायटी ने रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को लेकर पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा है। मुंबई के प्रभादेवी स्थित ब्यू मोंडे बी टॉवर हाउसिंग सोसायटी की तरफ से दादर पुलिस स्टेशन को पत्र लिखा गया है। इसके जरिए सोसायटी परिसर में तैनात निजी सशस्त्र सुरक्षा गार्डों को लेकर चिंता जताई है।
किस आधार पर तैनात हुए सुरक्षा गार्ड?
दरअसल, यह गार्ड रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने तैनात किए है। सोसायटी प्रबंधन के अनुसार, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण द्वारा बिना सोसायटी की अनुमति के छह सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं, जो हथियारों के साथ लॉबी, जिम और बच्चों के खेल क्षेत्र जैसे साझा स्थानों में आवाजाही करते देखे गए। सोसायटी ने पुलिस से यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया है कि सुरक्षा गार्डों के पास वैध हथियार लाइसेंस है या नहीं? क्या पुलिस ने इसकी अनुमति दी है? और, वहां तैनात पुलिसकर्मी की नियुक्ति किस आधार पर की गई है?
क्या सिक्योरिटी की वजह से पता चली धमकी की बात?
पत्र लिखने को लेकर सोसायटी ने कहा है कि यह कदम सोसाइटी के अन्य लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। बता दें कि रणवीर और दीपिका के सोसाइटी वालों ने जब पुलिस में शिकायत करते स्पष्टीकरण मांगा कि उन्होंने बिना जानकारी के अपनी सुरक्षा बढ़ा ली है, तब तहकीकात में यह मामला सामने आया कि रणवीर सिंह को वॉइस नोट के जरिए धमकी मिली थी। एक तरफ एक्टर को धमकी मिलने पर सुरक्षा बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर उसी सुरक्षा को लेकर सोसायटी में सवाल उठ रहे हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।