45 साल की रिद्धिमा कपूर साहनी, जो ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी हैं, अब अपनी पहली फिल्म ‘दादी की शादी’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। खास बात यह है कि कपूर फैमिली में इतनी उम्र में डेब्यू करने वाली वह सबसे बड़ी सदस्य बन गई हैं। यह डेब्यू उनके लिए काफी इमोशनल है, क्योंकि इस फिल्म में वह पहली बार अपनी बेटी समारा के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं।
स्क्रीन को दिए एक इंटरव्यू में रिद्धिमा ने बताया कि 45 साल की उम्र में पहली बार फिल्म के सेट पर कैमरे के सामने आना उनके लिए नया अनुभव था। उन्होंने अपनी बेटी समारा के छोटे से रोल के बारे में भी बात की। रिद्धिमा की शादी बिजनेसमैन भरत साहनी से हुई है और उनकी एक बेटी है।
रिद्धिमा ने कहा, ‘यह एहसास बहुत अलग और इमोशनल है। ऐसा लगता है जैसे जिंदगी का एक चक्र पूरा हो गया हो। मुझे पता है कि मेरे पापा हमेशा मेरे साथ हैं और हर फैसले में मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं। यह सोच मुझे बहुत हिम्मत और सुकून देती है। सच कहूं तो इस उम्र में कुछ नया शुरू करना सबसे बड़ा चैलेंज था। एक नई शुरुआत में थोड़ा डर भी होता है, लेकिन उतनी ही एक्साइटमेंट भी होती है।’
जब शूटिंग के दौरान बेटी को घर छोड़ा था
रिद्धिमा ने यह भी बताया कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने पहली बार अपनी बेटी को घर पर अकेला छोड़ा था। साल 2019 में न्यूयॉर्क में ऋषि कपूर के कैंसर इलाज के बाद यह पहला मौका था जब उन्होंने ऐसा किया। इस फिल्म में एक खास पल भी देखने को मिलेगा, जहां रिद्धिमा अपनी मां नीतू कपूर और बेटी समारा के साथ ‘सेंटी’ गाने में नजर आएंगी।
कब रिलीज होगी फिल्म ‘दादी की शादी’?
‘दादी की शादी’ में नीतू कपूर और कपिल शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। उनके साथ सादिया खतीब और रिद्धिमा कपूर साहनी भी हैं। ‘दादी की शादी’ की कहानी एक ऐसे परिवार की है, जिसमें प्यार, हंसी-मजाक, कुछ नोक-झोंक और गहरे राज दिखाए गए हैं। इस फिल्म को आशीष आर. मोहन ने लिखा और निर्देशित किया है। यह फिल्म 8 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
45 साल की उम्र में एक्टिंग डेब्यू करने पर बोलीं रिद्धिमा कपूर? दिया बड़ा बयान, कहा- ‘शुरुआत में डर…’

