लेटेस्ट न्यूज़
13 May 2026, Wed

छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी राहत, PhonePe का एआई करेगा आसान पेमेंट सेटअप

फोनपे ने एक नया एआई टूल लॉन्च किया है, जो बिजनेस के लिए पेमेंट सिस्टम जोड़ने की प्रक्रिया को काफी आसान और तेज बना देगा। कंपनी का कहना है कि जो काम पहले कई हफ्तों में होता था, अब वह कुछ मिनटों में पूरा हो सकेगा।
मिनटों में शुरू होगा पेमेंट सिस्टम
फोनपे ने अपने मर्चेंट्स के लिए एआई -पावर्ड इंटीग्रेशन सिस्टम पेश किया है। इसकी मदद से बिजनेस बिना ज्यादा तकनीकी जानकारी के भी फोनपे का पेमेंट गेटवे आसानी से जोड़ सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, पहले पेमेंट गेटवे इंटीग्रेशन में कोडिंग, डॉक्यूमेंट पढ़ने और बार-बार तकनीकी बदलाव करने में कई हफ्ते लग जाते थे। लेकिन अब एआई एजेंट के जरिए यह काम बातचीत जैसी आसान प्रक्रिया में मिनटों में हो जाएगा।
एआई खुद समझेगा पेमेंट सिस्टम
फोनपे के CTO और फाउंडर Rahul Chari ने कहा कि यह एआई सिर्फ कोड लिखने वाला टूल नहीं है, बल्कि यह पेमेंट सिस्टम को भी समझता है। कंपनी ने इसमें अपनी खास Integration Intelligence तकनीक जोड़ी है, जिससे इंटीग्रेशन ज्यादा स्मार्ट और आसान बन गया है।
छोटे कारोबारियों को होगा बड़ा फायदा
कंपनी का कहना है कि इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा छोटे और मझोले कारोबारियों यानी SME सेक्टर को मिलेगा। अक्सर इन बिजनेस के पास बड़े डेवलपर या टेक्निकल टीम नहीं होती, जिससे पेमेंट सिस्टम जोड़ने में परेशानी आती है। अब एआई टूल की मदद से वे बिना तकनीकी झंझट के जल्दी ऑनबोर्ड हो सकेंगे और तेजी से ऑनलाइन पेमेंट स्वीकार करना शुरू कर पाएंगे।
डेवलपर्स का समय भी बचेगा
फोनपे के मुताबिक, यह सिस्टम सही API और पेमेंट सेटअप अपने आप फॉलो करेगा। साथ ही एरर हैंडलिंग और जरूरी तकनीकी सुधार भी एआई खुद करेगा। इससे डेवलपर्स का काफी समय बचेगा और कंपनियां अपने प्रोडक्ट और सर्विस सुधारने पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगी।
एआई फीचर्स पर आगे भी रहेगा फोकस
कंपनी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में एआई से जुड़े और भी नए फीचर्स लाए जाएंगे। PhonePe का मानना है कि एआई टेक्नोलॉजी भविष्य में डिजिटल पेमेंट और बिजनेस ऑपरेशन को और ज्यादा आसान बना सकती है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।