नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 37 नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं के साथ नाश्ते पर बैठक की। इस दौरान उन्होंने सांसदों को संसदीय कार्य, जनसंपर्क और युवाओं से जुड़ने के प्रभावी तरीकों पर मार्गदर्शन दिया।
बैठक में हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद भी मौजूद रहे। यह मुलाकात संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सांसदों के साथ प्रधानमंत्री की नियमित संवाद श्रृंखला का हिस्सा थी।
राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने बैठक को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए और सांसदों को संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लेने की सलाह दी। उन्होंने सुझाव दिया कि सांसद प्रतिदिन कम से कम एक-दो घंटे संसद की लाइब्रेरी में अध्ययन करें और अपने-अपने क्षेत्रों में ‘सांसद खेल योजना’ को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाएं।
युवाओं से जुड़ने के सवाल पर राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने बताया कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि Generation Z के साथ बेहतर संवाद कैसे बनाया जाए, तो प्रधानमंत्री ने कहा, “उनकी बात ध्यान से सुनिए, उन्हें समझिए और उनसे विनम्रता से बात कीजिए।”
बीजेपी सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद प्रत्येक सांसद की बात ध्यान से सुनी और व्यक्तिगत, सामाजिक तथा राजनीतिक विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने इसे संवाद और सीखने का बेहतरीन अवसर बताया।
बैठक में बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी संसद सत्र के दौरान समय-समय पर पार्टी सांसदों के अलग-अलग समूहों से मुलाकात करते हैं, ताकि संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत किया जा सके।

