नई दिल्ली। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग के दिल्ली परिमंडल ने राखियों की समयबद्ध और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। विभाग ने 22 अगस्त 2026 तक दिल्ली के 34 प्रमुख डाकघरों के साथ-साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष राखी डाक बुकिंग काउंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि ग्राहकों को राखी भेजने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डाक विभाग ने बताया कि इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। त्योहार के दौरान डाकघरों में बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और अपनी राखियां समय रहते निकटतम नामित डाकघर में जमा कराएं। इससे राखियों का निर्बाध प्रेषण और समय पर वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
विशेष राखी बुकिंग सुविधा के लिए अशोक विहार, कृष्णा नगर, लोधी रोड, कालकाजी, इन्द्रप्रस्थ, संसद मार्ग, नारायणा औद्योगिक क्षेत्र, रमेश नगर, सरोजिनी नगर, सिविल लाइंस, चाणक्यपुरी, दिल्ली जीपीओ, नई दिल्ली जीपीओ, करोलबाग, जनकपुरी, रोहिणी, पश्चिम विहार, मालवीय नगर, लाजपत नगर, आर.के. पुरम सहित दिल्ली के 34 प्रमुख डाकघरों को नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित ट्रांजिट मेल कार्यालयों में भी विशेष बुकिंग काउंटर संचालित किए जाएंगे।
डाक विभाग ने ग्राहकों से अपनी 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया है। इन सेवाओं के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर डाक पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तथा तय समय में वितरण नहीं होने की स्थिति में शुल्क वापसी का भी प्रावधान है।
विभाग के अनुसार, 24 स्पीड पोस्ट सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद सहित देश के छह प्रमुख महानगरों के लिए उपलब्ध है। इस सेवा के अंतर्गत दिल्ली में 35 नामित बुकिंग कार्यालयों से डाक बुक कराई जा सकती है। इनमें दिल्ली जीपीओ, नई दिल्ली जीपीओ, संसद मार्ग, कालकाजी, लोधी रोड, कृष्णा नगर, इन्द्रप्रस्थ, सरोजिनी नगर, नारायणा औद्योगिक क्षेत्र, हौज खास, वसंत कुंज, द्वारका, तिलक नगर, मायापुरी, लाजपत नगर और अन्य प्रमुख डाकघर शामिल हैं।
डाक विभाग ने विश्वास जताया है कि विशेष बुकिंग काउंटरों और स्पीड पोस्ट सेवाओं के माध्यम से इस वर्ष भी देशभर में भाइयों-बहनों के स्नेह का प्रतीक राखियां सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचाई जा सकेंगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी डाक बुक कराकर त्योहार के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ से बचें।
रक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष तैयारी: दिल्ली के 34 डाकघरों और दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर राखी बुकिंग के विशेष काउंटर

