अयोध्या । राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट अब भविष्य में किसी भी तरह के विवाद या भ्रम से बचने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए बहुमूल्य आभूषणों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रहा है। इसके तहत भारतीय स्टेट बैंक की अयोध्या शाखा के लॉकर में सुरक्षित रखे आभूषणों की विस्तृत वीडियोग्राफी कराई गई है।
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद धनराशि के साथ-साथ श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित बहुमूल्य आभूषणों के गायब होने की शिकायतें भी सामने आई थीं। हालांकि ट्रस्ट ने इन आरोपों को पहले ही निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था। अब पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट ने सभी आभूषणों का वीडियो रिकॉर्ड तैयार कराया है।
पिछले चार दिनों तक चली इस प्रक्रिया के दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, हस्ताक्षरी जगदीश आफले, लेखाकार चंदन राय तथा भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय और क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषणों समेत अन्य बहुमूल्य उपहारों की अलग-अलग वीडियोग्राफी की गई। साथ ही अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन ने बैंक खातों की भी समीक्षा की।
ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, लॉकर में सुरक्षित रखे गए बहुमूल्य आभूषणों को भविष्य में ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक आभूषण का अलग-अलग वीडियो तैयार किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे प्रमाण के रूप में भी प्रस्तुत किया जा सके।
ट्रस्ट का मानना है कि इस डिजिटल रिकॉर्ड से भविष्य में किसी भी तरह की भ्रांति या विवाद की स्थिति में तथ्यात्मक साक्ष्य उपलब्ध रहेगा। यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो श्रद्धालु वेबसाइट पर जाकर चढ़ावे में मिले बहुमूल्य आभूषणों को देख सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत करना है।
ट्रस्ट के एक सदस्य के अनुसार, इस प्रस्ताव पर ट्रस्ट की आगामी बैठक में चर्चा होने की संभावना है। बैठक में वेबसाइट पर आभूषण प्रदर्शित करने की रूपरेखा और तकनीकी पहलुओं पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
राम कचहरी के महंत शशिकांत दास ने ट्रस्ट की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि डिजिटल रिकॉर्ड और सार्वजनिक प्रदर्शन जैसी व्यवस्था भविष्य में उठने वाले अनावश्यक सवालों का प्रभावी जवाब साबित होगी तथा श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत करेगी।
राम मंदिर चढ़ावा मामला : ट्रस्ट ने अब बहुमूल्य आभूषणों की कराई वीडियोग्राफी, वेबसाइट पर दिखाने की तैयारी

