लेटेस्ट न्यूज़
18 Aug 2026, Tue

सीएम योगी की PRD जवानों को बड़ी सौगात, कैशलेस इलाज के साथ बढ़ा ड्यूटी भत्ता

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। अब PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही दैनिक ड्यूटी भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। अब जवानों को 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा।

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया।

500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ दैनिक भत्ता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को वर्ष 2019 तक सिर्फ 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये और 2022 में 395 रुपये किया गया। वर्ष 2025 में भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया था।

अब एक बार फिर इसमें वृद्धि करते हुए इसे 600 रुपये प्रतिदिन करने का फैसला लिया गया है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में यह भत्ता 250 रुपये से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है।

31 हजार से अधिक जवानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का लगातार सहयोग करते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी समेत विभिन्न जिम्मेदारियों में उन्होंने अनुशासन और समर्पण के साथ काम किया है। इसी सेवा भावना को देखते हुए प्रदेश सरकार ने PRD जवानों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय लिया है। योजना के तहत 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों को सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिल सकेगा।

परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होने की उम्मीद है।

PRD का बजट भी बढ़ा

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि PRD के जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।

10 स्वयंसेवकों को मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।