लेटेस्ट न्यूज़
18 Aug 2026, Tue

‘मैंने वही वंदे मातरम् गाया जो गांधी और वाजपेयी गाते थे’, विवाद पर खरगे की सफाई

नई दिल्ली। वंदे मातरम् को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार किया है। गोवा में मीडिया से बातचीत के दौरान खरगे ने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया, जिसे महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी गाते थे। उन्होंने कहा कि अगर इसे गाना अपराध है तो गांधी और वाजपेयी भी इस अपराध के दोषी हैं।

खरगे ने बीजेपी पर साधा निशाना

खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने करीब 90 साल से चली आ रही परंपरा को ही आगे बढ़ाया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वंदे मातरम् के इस तरीके से गाना अपराध है तो गांधी, नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बीजेपी के कहने से कोई बात राष्ट्रीय नियम नहीं बन जाती।

खरगे ने कहा कि देश में सरकारें बदलती रहती हैं और हर सरकार अपनी पसंद के नियम लागू नहीं कर सकती। कांग्रेस ने वही परंपरा जारी रखी है, जो लंबे समय से चली आ रही है।

क्या है वंदे मातरम् को लेकर विवाद?

वंदे मातरम् को लेकर विवाद 15 अगस्त के बाद शुरू हुआ। बीजेपी ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का अपमान करने और उसे बीच में रोकने का आरोप लगाया था। बीजेपी का दावा था कि सोनिया गांधी के इशारे के बाद वंदे मातरम् को बीच में ही रोक दिया गया।

इसके बाद मामला और तूल पकड़ गया, जब गोवा में कांग्रेस की एक रैली के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के बजाय केवल शुरुआती दो छंद गाए गए। इसको लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। अब खरगे ने अपने बयान के जरिए बीजेपी के आरोपों का जवाब देते हुए इसे पुरानी कांग्रेस परंपरा बताया है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।