चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य के लोगों और दूध उत्पादकों के लिए दो बड़े फैसलों का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही सरकारी डेयरी कंपनी आविन के लिए दूध खरीद मूल्य 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
स्वास्थ्य बीमा कवर में पांच गुना बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी व्यक्ति के लिए महज सुविधा नहीं, बल्कि उसका मूल अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की आय और उनके रहने के स्थान की परवाह किए बिना सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से कई नई पहल भी शुरू की जा रही हैं।
दूध उत्पादकों को अब मिलेंगे 41 रुपये प्रति लीटर
मुख्यमंत्री ने सरकारी डेयरी कंपनी आविन की ओर से किसानों से खरीदे जाने वाले दूध की कीमत में भी बढ़ोतरी का ऐलान किया। अब दूध उत्पादकों को 38 रुपये के बजाय 41 रुपये प्रति लीटर का भुगतान किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार की ओर से 3 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि भी शामिल होगी।
विधानसभा में नियम 110 के तहत घोषणा करते हुए सीएम विजय ने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सरकार ने दूध उत्पादकों की आय और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
3.16 लाख से अधिक दूध उत्पादकों को फायदा
सरकार के इस फैसले से तमिलनाडु के 3.16 लाख से अधिक दूध उत्पादकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दूध खरीद मूल्य बढ़ाने से राज्य सरकार पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा।
डीएमके सरकार पर साधा निशाना
सीएम विजय ने दूध खरीद मूल्य के मुद्दे पर पिछली डीएमके सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने दूध उत्पादकों की आय बढ़ाने और खरीद मूल्य में वृद्धि करने की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
तमिलनाडु में सीएम विजय के दो बड़े ऐलान, हेल्थ बीमा कवर 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख, दूध खरीद मूल्य में भी 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी

