हल्द्वानी। भाई-बहन के प्यार और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच डाक विभाग ने दूर रहने वाले भाइयों तक राखी और उपहार पहुंचाने के लिए एक खास पहल शुरू की है। अब बहनें राखी के साथ पूजा सामग्री और छोटे-छोटे उपहार भी प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स में एक साथ भेज सकती हैं।
प्रधान डाकघर हल्द्वानी में उपलब्ध कराए गए इन विशेष गिफ्ट बॉक्स को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। डाकघर में करीब तीन दिन पहले पहुंचे इन बॉक्स में से अब तक आठ बॉक्स की बिक्री हो चुकी है।
500 रुपये है गिफ्ट बॉक्स की कीमत
उत्तराखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से इस साल रक्षाबंधन के लिए प्रधान डाकघर हल्द्वानी को आकर्षक प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिएÓ संदेश के साथ तैयार किए गए इन बॉक्स का उद्देश्य त्योहार की खुशियों को और खास बनाना है।
इस विशेष बॉक्स की कीमत 500 रुपये रखी गई है। इसमें दो आकर्षक राखियों के साथ कई अन्य जरूरी और सजावटी सामान शामिल किए गए हैं।
बॉक्स में मिलेंगी ये चीजें
प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स में राखियों के अलावा अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी वस्तुएं शामिल हैं। इससे बहनों को राखी के साथ पूजा और उपहार की सामग्री अलग-अलग खरीदने या भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डाक विभाग ने राखियों को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए हैं। इन लिफाफों की कीमत 12 रुपये है। ग्राहकों की सुविधा के लिए डाकघर में इसके लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है।
रोजाना 700 से 800 राखियां भेजी जा रहीं
डाक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस साल राखियों के पार्सल की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रधान डाकघर हल्द्वानी से रोजाना करीब 700 से 800 राखियां डाक के माध्यम से भेजी जा रही हैं।
प्रधान डाकघर हल्द्वानी के पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट के अनुसार, राखियों के साथ नए प्रीमियम गिफ्ट बॉक्स की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। डाक विभाग का यह प्रयास उन बहनों के लिए खासा सुविधाजनक साबित हो रहा है, जिनके भाई दूसरे शहरों या दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं।

