कानपुर। तेज बारिश के बीच जाजमऊ इलाके में सड़क अचानक धंसने से अफरा-तफरी मच गई। सरिया चौराहे के पास जाजमऊ से वीआईपी सर्किट हाउस जाने वाली सड़क पर देखते ही देखते करीब 3 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढे में बारिश का पानी तेजी से भरने लगा और आसपास सड़कों पर जमा पानी भी इसी में समाने लगा।
घटना करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में सड़क का छोटा हिस्सा धंसा, लेकिन कुछ ही देर में गड्ढा बड़ा होता चला गया। गहराई अधिक होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
गड्ढे में पानी गिरने का मंजर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। हालांकि, गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
एक महीने पहले भी धंसी थी सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी जगह करीब एक महीने पहले भी छोटा गड्ढा बना था। उस समय संबंधित विभाग ने उसमें मलबा भरकर सड़क की मरम्मत करा दी थी। अब उसी स्थान पर सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने के बाद स्थानीय लोग निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि पहले बने गड्ढे की गंभीरता से जांच कर सड़क की मजबूती सुनिश्चित की जाती तो दोबारा ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। फिलहाल बड़े गड्ढे के कारण आसपास के लोगों में भी डर बना हुआ है।
मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए यातायात को नियंत्रित किया गया और सड़क पर आवाजाही एक तरफ से कराई गई। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए।
सड़क धंसने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। तेज बारिश के चलते जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ना, सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकना या किसी तकनीकी खामी को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
वीआईपी मार्ग पर सड़क धंसने से उठे सवाल
यह सड़क जाजमऊ से वीआईपी सर्किट हाउस की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग से जुड़ी है। ऐसे अहम रास्ते पर करीब 18 फीट गहरा गड्ढा बनने से सड़क निर्माण और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की तकनीकी जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

