सेवा संकल्प अभियान से हर बूथ तक पहुंचेगी मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे जनकल्याण और जनसंवाद के कार्यक्रम

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

लाभार्थियों की ‘सक्सेस स्टोरी’ पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को महज औपचारिक कार्यक्रम न बनाया जाए। सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि हर बूथ और शक्ति केंद्र पर ऐसे लाभार्थी मौजूद हैं, जिनके जीवन में आवास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं से बदलाव आया है।

17 सितंबर को अस्पतालों में फल वितरण

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश के अस्पतालों में फल वितरण किया जाएगा। प्रत्येक जिले में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण देने के लिए शिविर लगाए जाएंगे।

BOX: युवाओं पर रहेगा खास फोकस

सेवा संकल्प अभियान के 13 सूत्रीय कार्यक्रमों के जरिए जेन-जी और जेन-अल्फा के बीच विशेष संवाद किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना वर्तमान बदलावों से करने को कहा गया है।

योगी ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में करीब 1.20 करोड़ बच्चे थे, जबकि अब यह संख्या करीब 1.60 करोड़ है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.36 लाख विद्यालयों में बदलाव किए गए हैं।

BOX: 9.30 लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हुई है। प्रदेश में अब तक करीब 9.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले छह माह में करीब एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या करीब 24 हजार हो गई है।

सड़क और एयर कनेक्टिविटी का भी किया जिक्र

योगी ने गंगा, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उनके अनुसार 2017 से पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि अब 17 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम और महाकुंभ के विकास कार्यों को भी प्रदेश की बदलती पहचान का हिस्सा बताया।

स्मृति ईरानी ने बताया सेवा और संकल्प का अभियान

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की पहचान सेवा, संकल्प और परिणाम की राजनीति रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।

1.77 लाख बूथों तक पहुंचेगा अभियान

अभियान के ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत करीब 1.77 लाख बूथों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम में स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। सोशल मीडिया और स्थानीय प्रचार माध्यमों के जरिए भी अभियान को बढ़ाया जाएगा।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ और नुक्कड़ नाटक होंगे

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बताया कि अभियान में ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, 25 सेवा कार्य, ‘सेवा सेतु’ और पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम होंगे।

2 अक्टूबर को प्रत्येक जिले में 18 से 20 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। बड़नगर और वाराणसी से मोटरसाइकिल यात्राएं भी निकलेंगी। अभियान के जरिए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular