सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले ने पूरे बैंकिंग सिस्टम को हिलाकर रख दिया है। चेस्ट के भीतर 17 करोड़ रुपये से अधिक के नकली नोट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की विशेष टीमें सक्रिय हो गई हैं। मंगलवार देर शाम तक बैंक में सघन पड़ताल चली और अब जांच एजेंसियों का पूरा ध्यान इस बात पर टिका है कि इतनी भारी मात्रा में जाली नोट बैंकिंग प्रणाली में घुसाए कैसे गए।
सिस्टम की मजबूत कड़ियों को भेदकर चेस्ट तक कैसे पहुंचे जाली नोट?
करेंसी चेस्ट में नकदी जमा करने के लिए एक बेहद सख्त और बहुस्तरीय प्रक्रिया निर्धारित होती है। चेस्ट में पहुंचने वाली रकम की गिनती, छंटाई और तकनीकी मशीनों से सत्यापन के बाद ही बंडल बनाकर रिकॉर्ड में दर्ज किया जाता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की जाली करेंसी का यहां पहुंच जाना बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जांच अधिकारी अब यह खंगाल रहे हैं कि ये नोट किस तारीख को पहुंचे, उनका बंडल नंबर क्या था, नोट किस शाखा से आए थे और इन्हें स्वीकार व सत्यापित करने वाले कर्मचारी और अधिकारी कौन थे। आने-जाने वाले कैश के रजिस्टरों और सील दस्तावेजों का बारीकी से मिलान किया जा रहा है।
जयपुर भेजे गए कैश में ?4.30 लाख की कमी से खुला 17 करोड़ का महाघोटाला
इस पूरे रैकेट की शुरुआत महज 4.30 लाख रुपये की कमी से हुई थी। पीएनबी करेंसी चेस्ट से करीब 11.50 करोड़ रुपये की नकदी आरबीआई के जयपुर कार्यालय भेजी गई थी, जहां मिलान के दौरान 4.30 लाख रुपये कम निकले। इस विसंगति की तह तक जाने के लिए जब सहारनपुर चेस्ट की जांच शुरू हुई, तो पहले 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले और जांच आगे बढ़ते-बढ़ते यह आंकड़ा 17 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। यह खुलासा इस बात का पुख्ता संकेत है कि बैंक की बहुस्तरीय निगरानी प्रणाली को अंदरूनी मिलीभगत के जरिए पूरी तरह दरकिनार किया गया था।
पीएनबी करेंसी चेस्ट में मिला 17 करोड़ का नकली नोटों का अंबार, आरबीआई के उड़े होश, 3 अधिकारी नपे
अन्य ख़बर

