सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर पहुंचे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में दर्जनों स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया। अखिलेश यादव सबसे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने पूर्व सांसद फजलुर्रहमान के आवास पर पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की संस्कृति बन गया है। अयोध्या में राम धन की कथित लूट को भगवान और देश की जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने अयोध्या में प्रभु राम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी की। मंदिर के बाहर बैठे भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा के लोगों ने राम धन लूटने का महापाप किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बड़े लोगों को क्लीन चिट दे दी गई और भाजपा ने अयोध्या की श्रद्धा एवं आस्था के साथ खिलवाड़ किया है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। स्वास्थ्य, शिक्षा और लोक निर्माण सहित लगभग हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य विभाग में 400 करोड़ रुपये की फर्जी दवाओं का मामला सामने आया था।उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर तमाम सपने दिखाए गए, लेकिन किसानों और नौजवानों के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ। आज प्रदेश के घोषित स्मार्ट शहरों की स्थिति खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के लिए आए धन में भी भ्रष्टाचार हुआ।किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है और गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों और नौजवानों को धोखा दिया है।अग्निवीर योजना को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ धोखा हुआ है। सेना में नौजवानों की स्थायी नौकरी को अग्निवीर व्यवस्था में बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि अग्निवीर योजना समाप्त हो और युवाओं को सेना में स्थायी नौकरी मिले। छात्रों और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार तथा स्पोर्ट्स सिटी बनाने की जरूरत है। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को खेलों में बेहतर सुविधाएं, योग्यता के अनुसार रोजगार और सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।गन्ना किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार में निर्माण कार्यों में 60 प्रतिशत तक कमीशनखोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं और सड़कें टूट रही हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे की स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की स्थिति भी खराब है और सड़क कई जगह टूट गई है। उन्होंने तंज कसते हुए इसे भाजपा के भ्रष्टाचार का एक्सप्रेस-वे बताया।उन्होंने कहा कि अब सड़कों की खराब स्थिति के लिए डिजाइन में खामी बताई जा रही है। यदि डिजाइन में खामी थी तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। जल जीवन मिशन को लेकर भी उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जिलों में पानी की टंकियां टूटकर गिर रही हैं। जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को देख रही है और विधानसभा चुनाव में इसका हिसाब करेगी।महंगाई को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल और दूध सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं। बिजली, खाद और बीज भी महंगे हो गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों को उचित इलाज नहीं मिल रहा है। उनके मुताबिक एम्बुलेंस सेवा और डायल-100 जैसी व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुई हैं।अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में बनाया गया कैंसर संस्थान ठीक से संचालित नहीं किया जा रहा है, जबकि कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सहारनपुर के शेखुल हिन्द मेडिकल कॉलेज में कैंसर सेंटर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सहारनपुर सहित अन्य जिलों की जरूरतों के आधार पर अलग-अलग घोषणापत्र तैयार करेगी।
जेपीएनआईसी को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर सरकारी संस्थानों को बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जयप्रकाश नारायण को बेच चुकी है और सरकारी संस्थानों को बेचने के लिए बदनाम हो चुकी है। उन्होंने कटाक्ष किया कि अगर कोई कीमत दे देगा तो भाजपा खुद को भी बेच देगी।आरक्षण के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोग आरक्षण के खिलाफ हैं और उसे खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और विधानसभा चुनाव में भाजपा को हटाकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी।इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, कैराना सांसद इकरा हसन, चौधरी इन्द्र सेन, विधायक अतुल प्रधान, शायान मसूद और जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाद में अखिलेश यादव पूर्व सांसद फजलुर्रहमान के आवास पहुंचे, जहां मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक आशू मलिक, अतुल प्रधान, पूर्व विधायक मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, अयोध्या में राम धन की लूट को जनता माफ नहीं करेगी : अखिलेश यादव
अन्य ख़बर

