नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना को लेकर राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। उन्होंने नड्डा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्देश देकर घटना में शामिल लोगों और संगठनों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।
2 सितंबर को लिखे पत्र में खड़गे ने नड्डा को 13 अगस्त को राज्यसभा में दिए उनके आश्वासन की याद दिलाई। नड्डा ने तब घटना की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।
खड़गे ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में उनकी जनसभा के बाद कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ की रस्म की गई। उन्होंने इसे संविधान की भावना और मानवीय मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह मामला केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि समाज के करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि घटना के 24 दिन बाद भी संबंधित लोगों या संगठनों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होना हैरान करने वाला है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के महाड आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास में भी दलितों के खिलाफ इसी तरह की ‘शुद्धिकरण’ की घटनाएं सामने आती रही हैं।
खड़गे ने नड्डा से अपने आश्वासन के अनुरूप मामले में जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

