नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और बेल्जियम यूक्रेन तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के जल्द समाधान और शांति के प्रयासों का समर्थन करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत और बेल्जियम संघर्षों के जल्द समाधान के पक्ष में हैं। साथ ही, आतंकवाद के सभी रूपों को जड़ से खत्म करना दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता है।
पीएम मोदी ने वैश्विक स्तर पर जारी अस्थिरता के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और अनिश्चितता के कारण खाद्य एवं ईंधन की आपूर्ति श्रृंखलाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी रफ्तार कायम रखी है।
उन्होंने कहा कि भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत की विकास यात्रा दुनिया के लिए भरोसे और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।

