कुणाल खेमू की ‘वाइब’ का ट्रेलर जारी, हंसी और रोमांच से भरपूर है जासूसी कहानी

अभिनेता कुणाल खेमू की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाइब’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन खुद कुणाल खेमू ने किया है। फिल्म हास्य और रोमांच से भरपूर एक जासूसी कहानी है, जिसमें कुणाल के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआÓ भी फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म की कहानी दो पक्के दोस्तों हार्दिक और बग्स के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों सामान्य जिंदगी जीने वाले कुछ लापरवाह और भोले-भाले युवक हैं, जो अनजाने में एक बड़ी मुसीबत में फंस जाते हैं। परिस्थितियां उन्हें जासूसी मिशन का हिस्सा बनने के लिए मजबूर कर देती हैं।
ट्रेलर की शुरुआत हार्दिक के किरदार में कुणाल खेमू और बग्स की भूमिका में स्पर्श श्रीवास्तव से होती है। दोनों की बचकानी हरकतें और नौसिखिए अंदाज कहानी में हास्य का तड़का लगाते हैं। दोनों को जासूसी की कोई खास समझ नहीं है, लेकिन देश को बचाने के मिशन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी जाती है।
फिल्म में प्रीति जिंटा एक कड़क और प्रभावशाली कमांडिंग अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगी। वह देश पर मंडरा रहे संकट को टालने के लिए हार्दिक और बग्स को अपने मिशन में शामिल करती हैं। इसके बाद दोनों अनाड़ी जासूसों की मुश्किलों और उनकी हास्यास्पद हरकतों का सिलसिला शुरू होता है।
‘वाइबÓ में दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर भी विशेष जासूसी भूमिका में नजर आएंगी। उनके कैमियो को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में हास्य, जासूसी, रोमांच और दोस्ती का मिश्रण देखने को मिलेगा। कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी ‘वाइब’ 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular