स्तन कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर कार्यशाला आयोजित

िशेषज्ञों ने शीघ्र पहचान, मानसिक स्वास्थ्य और सामुदायिक जागरूकता के महत्व पर दिया जोर

लखनऊ – मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा रोटरी क्लब लखनऊ एवं खुशी फाउंडेशन के सहयोग से स्तन कैंसर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अल्पना रस्तोगी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय कुमार पुष्कर, प्राचार्य, स्टेट नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, लखनऊ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में डॉ. फराह अरशद (स्तन कैंसर विशेषज्ञ सर्जन), डॉ. शीबा फारूकी (मनोचिकित्सक), डॉ. अंकिता गर्ग (बाल मनोचिकित्सक) तथा डॉ. अवधेश द्विवेदी (होम्योपैथिक चिकित्सक) ने विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने स्तन कैंसर की शीघ्र पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं रेफरल, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता में आयुष चिकित्सकों की भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में डॉ. विनीता (प्रेरक वक्ता) द्वारा रचित प्रेरक गीत, श्रीमती सरोज वर्मा (प्रख्यात शिक्षाविद) तथा पिहू द्विवेदी (प्रेरणादायी नृत्य प्रस्तोता) शामिल रहे। इनके योगदान ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष बनाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में पहल : कार्यशाला में कैंसर की समय पर पहचान, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता, भावनात्मक सुदृढ़ता तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने पर विशेष बल दिया गया। इस पहल ने स्वास्थ्य शिक्षा, निवारक चिकित्सा एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से समाज को स्वस्थ, जागरूक और संवेदनशील बनाने के लिए आयोजक संस्थाओं की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मैक्स हॉस्पिटल के आशीष शर्मा ने किया। इस अवसर पर ट्रायंगल टेक्नोलॉजी के सौरभ श्रीवास्तव, संजय जसवानी, विवेक सिंह (विधि सलाहकार) सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बर

Most Popular