CRPF पर हमला करने वाले 2 आतंकी एनकाउंटर में ढेर, लश्कर का कमांडर भी मारा गया

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने सीआरपीएफ (CRPF) पोस्ट पर हमला करने वाले दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर लतीफ भट भी शामिल है।
सैन्य अधिकारी के अनुसार, इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी ढेर हो गए।
15 सेकंड में बरसाई थीं 30 गोलियां, 6 महीने में चौथा कमांडर ढेर
गौरतलब है कि इन आतंकियों ने कुलगाम के नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवानों पर हमला किया था, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास घायल हो गए थे। इस हमले के वायरल सीसीटीवी फुटेज में आतंकी महज 15 सेकंड में करीब 30 राउंड फायरिंग करते दिखे थे।
लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही पिछले 6 महीनों में सुरक्षाबलों ने घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के चौथे बड़े कमांडर का सफाया कर दिया है। इससे पहले 8 जुलाई को शोपियां में जाकिर अहमद गनई, 4 सितंबर को ‘ऑपरेशन असधर’ में यासिर और 30 सितंबर को बडगाम के ‘ऑपरेशन शेरुवाली’ में मूसा उर्फ आसिफ फौजी को मार गिराया गया था।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular