सीट बंटवारे पर राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश, यूपी में कांग्रेस के हित सर्वोपरि रखने पर दिया जोर

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरने के लिए कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार (16 नवंबर) को दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा पूरी तरह सम्मानजनक होना चाहिए और बातचीत के दौरान पार्टी के हितों को सर्वोपरि रखा जाए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में हुई इस बैठक में चुनावी तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने नेताओं को निर्देश देते हुए कहा कि सपा के साथ सम्मानजनक समझौते के लिए हर संभव प्रयास करने की उन्हें पूरी छूट है और शीर्ष नेतृत्व केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही इसमें हस्तक्षेप करेगा।
प्रियंका गांधी संभालेंगी समन्वय की कमान, पांच सदस्यीय कमेटी गठित
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सपा के साथ सीट बंटवारे और चुनावी तालमेल की पूरी प्रक्रिया की निगरानी कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी करेंगी। इसके लिए पार्टी ने पांच सदस्यीय एक विशेष कमेटी का गठन किया है, जिसमें प्रियंका गांधी के अलावा केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को शामिल किया गया है। बातचीत करने वाली टीम लगातार प्रियंका गांधी के संपर्क में रहकर उन्हें हर अपडेट देगी।
दिसंबर से शुरू होगा चुनाव प्रचार, राहुल-अखिलेश की साझा रैलियों की तैयारी
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई चर्चा के दौरान यूपी इकाई के नेताओं को दिसंबर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी की योजना है कि सीटों पर अंतिम सहमति बनने के बाद सपा के साथ मिलकर संयुक्त प्रचार कार्यक्रम तैयार किए जाएं। बताया जा रहा है कि समझौता फाइनल होने के बाद राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक साथ चुनावी मंच साझा कर सकते हैं।
कल सपा के साथ पहली औपचारिक बैठक, कांग्रेस मुख्यालय में बनी रणनीति
मंगलवार (17 नवंबर) को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहली औपचारिक बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद, सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने एक अलग बैठक कर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया। इस दौरान कल की बैठक में मांगी जाने वाली सीटों की संख्या और आगामी सोशल मीडिया कैंपेन की रूपरेखा पर चर्चा हुई। मंगलवार को होने वाली बातचीत में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद करेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular