अयोध्या। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा अयोध्या की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगी। अयोध्या पहुंचे शिवपाल यादव ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर ‘यश भारती सम्मान’ को फिर से शुरू किया जाएगा।
खिलाड़ियों और कलाकारों को मिलेगा सम्मान व रोजगार
पिछली सपा सरकार के कार्यों को याद करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी सरकार में पहलवानों, लोकगीत गायकों, कलाकारों, कवियों और साहित्यकारों को यश भारती सम्मान के साथ सरकारी नौकरी भी दी जाती थी, लेकिन पिछले दस वर्षों से यह पूरी तरह बंद है।
उन्होंने कहा, “2027 में सरकार बनने पर जिला और तहसील स्तर के पहलवानों को भी सम्मानित किया जाएगा, जबकि राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को उनके स्तर के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी।” इसके साथ ही उन्होंने हर गांव में खेल का स्टेडियम बनाए जाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
चुनावी हुंकार भरते हुए यादव ने कहा, “आज भगवान राम ने हमें बुलाया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी हमें भगवान राम का आशीर्वाद मिला था और सपा ने अयोध्या सीट जीती थी। 2027 में भी हमें उनका आशीर्वाद मिलेगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा अयोध्या की पांचों सीटों समेत पूरे प्रदेश में प्रचंड जीत हासिल करेगी।
यश भारती के तहत मिलेगी 1 लाख रुपये मासिक राशि
इससे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी यह ऐलान कर चुके हैं कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान को बहाल किया जाएगा और इसके तहत विजेताओं को प्रति माह एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
महिलाओं, युवाओं और आरक्षण पर केंद्रित होगा घोषणापत्र
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर अपना घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
रूठे और पुराने नेताओं को जोड़ने की कवायद
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अखिलेश यादव ने हाल ही में पार्टी को एकजुट करने का संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नाराज होकर दूर गए पुराने साथियों और नेताओं को मनाकर दोबारा पार्टी से जोड़ा जाएगा, साथ ही किसी कारणवश संगठन से छूट गए कार्यकर्ताओं को भी वापस बुलाया जाएगा।
अयोध्या में शिवपाल यादव का बड़ा दावा: “2024 में मिला था भगवान राम का आशीर्वाद, 2027 में भी सभी सीटें जीतेगी सपा”
अन्य ख़बर

