उत्तर प्रदेश । उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव (2027) से पहले राज्य में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा मंगलवार रात अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया है कि अखिलेश यादव को अपना पारंपरिक मुस्लिम वोटबैंक खिसकने का डर सता रहा है, जिसके चलते उन्होंने जल्दबाजी में यह सूची जारी की है।
‘ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी से घबरा गए हैं अखिलेश’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक विस्तृत बयान जारी करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने सपा की पहली सूची में शामिल उम्मीदवारों के समीकरण पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन को देखकर अखिलेश यादव इस कदर घबरा गए हैं कि उन्हें अपनी पहली ही सूची में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारना पड़ा। राजभर ने सवाल किया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से ठीक पहले चार मुस्लिम प्रत्याशियों की घोषणा महज एक संयोग है या फिर मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का सीधा डर?
कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग और ‘स्पेशल 26’ पर कसा तंज
राजभर ने सपा और कांग्रेस के बीच चल रही सीट बंटवारे की खींचतान को लेकर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “अपने ‘बड़े भाई’ (कांग्रेस) से ग़ज़ब गठबंधन बनाया है मित्र। एक तरफ बातचीत चल रही है और बिना कुछ तय हुए प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। कांग्रेस से न तो गठबंधन फाइनल हुआ है और न ही सीटों का बंटवारा, लेकिन टिकट बांटने की ऐसी हड़बड़ी कि कांग्रेस को ‘स्पेशल 26’ की सूची पकड़ा दी।”
सहारनपुर की सीटों और इमरान मसूद का किया जिक्र
सपा की सूची में सहारनपुर की दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को भी हवा दी। उन्होंने पूछा, “सहारनपुर में भी दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए, जहां कांग्रेस के इमरान मसूद अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। यह ‘बड़के भैया’ (राहुल गांधी/कांग्रेस) को जवाब है या आपके ‘एम’ वाले इमरान भाई को? उधर कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश भेज रहे हैं और इधर उसकी पसंद वाली सीटों पर अपने उम्मीदवार बैठा रहे हैं। वाह अखिलेश जी, वाह! एक तरफ गठबंधन बचाने की चिंता है और दूसरी तरफ अपना राजनीतिक समीकरण बचाने की बेचैनी।”
कांग्रेस को दी चेतावनी, कहा- दिख गई 403 सीटों की घबराहट
अपनी पोस्ट के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस को भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि अभी तो ओवैसी और चंद्रशेखर ने केवल मैदान में उतरने की घोषणा ही की है और सपा का राजनीतिक गणित सबके सामने आ गया। कांग्रेस नेताओं को सचेत करते हुए राजभर ने लिखा, “कांग्रेस वाले भी ध्यान से देख लें। कहीं ऐसा न हो कि 26 सीटों पर बातचीत करते-करते अखिलेश जी एक-एक करके आपकी पसंद की सभी सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करते जाएं। अखिलेश जी, टिकट तो आपने पांच ही घोषित किए हैं, लेकिन अपनी घबराहट पूरी 403 सीटों वाली दिखा दी है!”
‘वाह अखिलेश जी वाह! कांग्रेस को थमाई स्पेशल 26 की सूची और सहारनपुर में उतार दिए अपने प्रत्याशी’, राजभर का करारा वार
अन्य ख़बर

