Imtiaz Ali O Saathi Re Trailer Out: मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली अपनी अगली ओटीटी पेशकश के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स (Netflix) ने इम्तियाज अली की अपकमिंग ड्रामा सीरीज ‘ओ साथी रे’ (O Saathi Re) का मच-अवेटेड ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। रिश्तों की उलझनों को बयां करते इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
टूटती शादी और तीसरे शख्स की एंट्री की कहानी
‘ओ साथी रे’ की कहानी एक ऐसे शादीशुदा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका रिश्ता टूटने की कगार पर खड़ा है। सीरीज में अदिति राव हैदरी ‘रोशनी’ और अविनाश तिवारी ‘करण’ के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि जब करण और रोशनी अपनी बिखरती शादी को बचाने की जद्दोजहद कर रहे होते हैं, तभी रोशनी की जिंदगी में ‘प्रद्युम्न’ यानी अर्जुन रामपाल की एंट्री होती है। इसके बाद कहानी में भावनात्मक उतार-चढ़ाव और नया मोड़ आता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।
“करण के प्यार में असुरक्षा और कमजोरियां भी हैं” – अविनाश तिवारी
सीरीज में करण का किरदार निभा रहे एक्टर अविनाश तिवारी ने अपने रोल के बारे में बात करते हुए कहा, “मुझे इस किरदार में सबसे दिलचस्प उसका प्यार करने का अंदाज लगा। करण की पूरी दुनिया रोशनी के इर्द-गिर्द घूमती है और उसकी पहचान भी काफी हद तक रोशनी के पति होने से जुड़ी है। लेकिन उसके इस प्यार के पीछे असुरक्षा की भावना और कमजोरियां भी छिपी हैं। करण चाहता है कि रोशनी खुश रहे, पर उसके सामने मुश्किल तब आती है, जब वह रोशनी की खुशी में अपनी जगह नहीं देख पाता। इस किरदार के जरिए मुझे प्यार के कई अलग-अलग रंगों को पर्दे पर उतारने का मौका मिला।”
अपनी पहचान तलाशती नजर आएंगी अदिति राव हैदरी
वहीं, रोशनी के किरदार को लेकर अदिति राव हैदरी ने कहा, “मेरा किरदार एक ऐसी महिला का है, जो खुद को समझने की कोशिश कर रही है। वह किसी की बेटी, पत्नी और बहन होने के साथ-साथ अपनी इच्छाओं और भावनाओं वाली एक अलग इंसान भी है। रोशनी का किरदार इसलिए खास है, क्योंकि वह न तो पूरी तरह परफेक्ट है और न ही उसे किसी एक दायरे में बांधा जा सकता है। इसे निभाते हुए मुझे एक ऐसी महिला की भावनात्मक उलझनों को समझने का मौका मिला, जो अपने फैसलों के नतीजों के बीच खुद की पहचान तलाश रही है।”
4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर देगी दस्तक
‘ओ साथी रे’ का निर्माण विंडो सीट फिल्म्स (Window Seat Films) के बैनर तले इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने किया है। इस प्रोजेक्ट में इम्तियाज के भाई आरिफ अली भी जुड़े हैं, जो इससे पहले ‘शी’ (She) और ‘लेकर हम दीवाना दिल’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं। रिश्तों की इस संवेदनशील कहानी को आप 4 दिसंबर से नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे।

