बगैर लाइसेंस गुटखा बनाने की सूचना पर फैक्टरियों में छापा, एक सीज

हमीरपुर । जनपद के भरुआ सुमेरपुर कस्बे में बगैर लाइसेंस तंबाकूयुक्त गुटखा तैयार किए जाने की सूचना पर गुरुवार दोपहर सहायक खाद्य आयुक्त की टीम ने दो गुटखा फैक्टरियों में छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही एक फैक्टरी संचालक ताला लगाकर फरार हो गया। टीम ने नोटिस चस्पा कर फैक्टरी को सीज कर दिया। वहीं दूसरी फैक्टरी में पुरुष सदस्य के मौजूद न होने का हवाला देकर महिलाओं ने गेट खोलने से इनकार कर दिया। इस पर टीम को बिना जांच किए वापस लौटना पड़ा
सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. गौरीशंकर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने गुटखा निर्माता जगत गुप्ता और दिनेश कुमार गुप्ता की फैक्टरियों में छापेमारी की। पहले जगत गुप्ता की फैक्टरी पहुंचने पर वहां कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं मिला। महिलाओं ने पुरुषों के घर आने के बाद ही गेट खोलने की बात कही। इसके बाद टीम नई बस्ती स्थित झंडा मैदान के पास दिनेश कुमार गुप्ता की फैक्टरी पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक ताला लगाकर गायब हो चुका था। अधिकारियों ने फोन कर उसे बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इस पर टीम ने फैक्टरी के गेट पर नोटिस चस्पा कर उसे सीज कर दिया।
सहायक खाद्य आयुक्त ने बताया कि दिनेश कुमार गुप्ता के पास गुटखा निर्माण का कोई वैध लाइसेंस नहीं है। यहां चोरी-छिपे तंबाकूयुक्त गुटखा बनाए जाने की सूचना मिली थी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार शामिल रहे।

इनसेट
दशकों पुराना है दोनों का गुटखा कारोबार
भरुआ सुमेरपुर कस्बे में जगत गुप्ता और दिनेश कुमार गुप्ता का गुटखा कारोबार लंबे समय से संचालित है। बताया जाता है कि जगत गुप्ता लाइसेंस लेकर कारोबार कर रहे हैं, जबकि दिनेश कुमार गुप्ता के पास वर्तमान में गुटखा निर्माण का वैध लाइसेंस नहीं है। सहायक खाद्य आयुक्त को सूचना मिली थी कि दिनेश कुमार गुप्ता बिना लाइसेंस तंबाकूयुक्त गुटखा तैयार कर रातोंरात उसकी सप्लाई कर रहे हैं। इसी सूचना पर गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular