अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस और ट्रंप के बीच कांटे की टक्कर, निर्वाचक मंडल करेगा अंतिम फैसला

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है। हालांकि अभी तक अमेरिका में ये तस्वीर साफ नहीं हो सकी है कि आखिर अमेरिकी जनता किसे सत्ता सौंपने जा रही है। ताजा सर्वे में दावा किया गया है कि कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कांटे की टक्कर है और लोकप्रिय वोटों के मामले में दोनों को 48-48 फीसदी मत मिले हैं।
कुछ समय पहले तक कमला हैरिस, डोनाल्ड ट्रंप पर बढ़त बनाती नजर आ रहीं थी, लेकिन जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे ही ट्रंप और कमला हैरिस के बीच का अंतर भी कम हो रहा है। यही वजह है कि दोनों के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है और कहा जा रहा है कि नतीजा किसी के भी पक्ष में जा सकता है। यही वजह है कि अमेरिकी की विभिन्न हस्तियां भी खुलकर अपनी पसंद के उम्मीदवारों का समर्थन कर रही है। अमेरिका के फिल्म अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो ने भी कमला हैरिस के समर्थन का एलान कर दिया है। इससे पहले मशहूर गायिका टेलर स्विफ्ट भी कमला हैरिस के समर्थन में आ चुकी हैं। वहीं दिग्गज उद्योगपति एलन मस्क खुलकर ट्रंप का प्रचार कर रहे हैं। बिल गेट्स ने भी कमला हैरिस के प्रचार अभियान को करोड़ों डॉलर का फंड दिया है।
अमेरिकी इतिहास के सबसे कड़े चुनाव में से एक
अमेरिका के मौजूदा चुनाव को इसके इतिहास के सबसे कड़े चुनाव में से एक बताया जा रहा है। बीते कुछ समय में अमेरिका में काफी कुछ घटा है, जिसमें डेमोक्रेट और रिपब्लिकन उम्मीदवारों के बीच हाई प्रोफाइल बहस, डोनाल्ड ट्रंप पर दो बार जानलेवा हमला हुआ है। दोनों उम्मीदवारों द्वारा अपने प्रचार अभियानों पर करोड़ों डॉलर खर्च किए जा रहे हैं। अमेरिका के जो राज्य अहम साबित होंगे, उनमें नेवादा, नॉर्थ कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया, विंस्कोंसिन, एरिजोना, जॉर्जिया, मिशिगन शामिल हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular