नईदिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट के कारण इस सीजन अभी तक एक भी मैच नहीं खेल सके हैं। लेकिन उनका खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस करना और ड्रेसिंग रूम शेयर करना फायदेमंद साबित हो रहा है। हाल ही में उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास की ज्वाइंट फास्टेस्ट फिफ्टी जड़ी, जिसका श्रेय उन्होंने धोनी की एक सलाह को दी।
पिछली कुछ पारियों में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहने के बाद, उर्विल ने बताया कि ड्रेसिंग रूम में धोनी के साथ हुई बातचीत ने उन्हें अपने खेल में फिर से स्पष्टता और आत्मविश्वास हासिल करने में मदद की।
आईपीएल द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में उर्विल ने कहा, जब मैं कुछ मैचों में जल्दी आउट हो गया था, तब मैंने माही भाई से बात की थी। हम ड्रेसिंग रूम में साथ बैठे थे और मैंने उनसे पूछा, मैं जल्दी आउट हो रहा हूं, अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए मुझे क्या करना चाहिए?
उन्होंने सिर्फ एक बात कही, मुझे तुम्हारी काबिलियत पर कोई शक नहीं है। अगर कोई शक है, तो वह तुम्हारे दिमाग में है। इसलिए बस अपना दिमाग साफ रखो और सही गेंद को सही जगह पर मारने की कोशिश करो।
उर्विल पटेल ने 13 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। लेकिन उनकी पारी सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन बनाकर खत्म हो गई। इस दौरान उन्होंने दो चौके और आठ छक्के भी जड़े। इसके साथ उर्विल इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज भी बन गए, जिन्होंने किसी पारी की पहली आठ गेंदों के अंदर ही छह छक्के जड़े।
इस युवा खिलाड़ी ने बताया कि धोनी के भरोसे भरे शब्दों ने उनके मन से आत्म-संदेह को दूर कर दिया और उन्हें अपनी स्वाभाविक आक्रामक शैली पर भरोसा करने का हौसला दिया। उन्होंने कहा, सबसे पहले और सबसे जरूरी बात यह है कि मैं उन्हें उस समझदारी भरी सलाह के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा, जो उन्होंने मेरे साथ साझा की। मुझे बहुत अच्छा महसूस हुआ। यह एक बेहतरीन प्रदर्शन था और मुझे लगता है कि वह इससे बहुत खुश होंगे।
उर्विल ने ये भी कहा, मैं आईपीएल में अपने पहले अर्धशतक का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। जब मैंने सिर्फ 13 गेंदों में 50 रन बनाए, तो मैं बहुत भावुक हो गया। खासकर अपने पिता के लिए। मैंने यह अर्धशतक उन्हीं को समर्पित किया है। क्योंकि जब मैं जल्दी आउट हो जा रहा था तो सिर्फ मेरे पिता ही थे जो मुझसे कहते थे, बेटे, मुझे तुम्हारा खेलने का तरीका बहुत पसंद है। बस ऐसे ही खेलते रहो। तुम रन बनाओ या न बनाओ, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। बस ऐसे ही खेलते रहो। इस उपलब्धि को हासिल करने पर उर्विल ने एक खास अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने अपनी जेब से एक पर्ची निकाली जिस पर लिखा था, यह आपके लिए है पापा…
चेन्नई सुपर किंग्स अपने पिछले मैच में लखनऊ को 5 विकेट से हराकर अंक तालिका में 5वें नंबर पर पहुंच गई है। अब उनके प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता और ज्यादा आसान हो गया है। अब तक 11 मैच में उनके 12 पॉइंट्स हो चुके हैं और अगर वो अपने बचे हुए तीन मैच में से दो भी जीत जाते हैं तो फिर वो प्लेऑफ में सीधा क्वालीफाई कर जाएंगे। याद रहे कि इस सीजन धोनी एक भी मैच खेलने मैदान पर नहीं उतर सके हैं। इसके बावजूद इस युवा टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है।

