- शिविर में मैक्स अस्पताल, साकेत, नई दिल्ली एवं डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल का रहा सहयोग
लखनऊ । खुशी फॉउण्डेशन व आशा ज्योति स्पेशल स्कूल के तत्वावधान में शनिवार को आशा ज्योति स्पेशल स्कूल, इंदिरानगर में निःशुल्क स्वास्थ शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश पेरेंट्स एसोसिएशन फॉर द वेलफेयर ऑफ मेंटली हैंडीकैप्ड सिटीजन्स के सुबोध शंकर ने बताया कि खुशी फॉउण्डेशन के सहयोग से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है और इसमें चिकित्सीय परामर्श के अलावा निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी आमजन के लिए उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया कि आशा ज्योति स्कूल मानसिक रूप से दिव्यांग और ऑटिज्म (Autism) से ग्रसित बच्चों के लिए समर्पित है। यह संस्थान बौद्धिक दिव्यांगता, सेरेब्रल पाल्सी, और डाउन सिंड्रोम वाले बच्चों को वोकेशनल ट्रेनिंग, हॉस्टल और शून्य से 18 वर्ष की आयु के लिए सेवाएं प्रदान करता है।
खुशी फॉउण्डेशन की ऋचा द्विवेदी ने कहा कि आजकल की भागदौड़ एवं तनाव भरी ज़िन्दगी में अधिकतर लोग अपने स्वास्थ्य की तरफ ध्यान नहीं देते हैं। इसी को देखते हुए यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया गया। शिविर की सफलता को देखते हुए खुशी फॉउण्डेशन द्वारा शहर में इस तरह के और भी शिविर आयोजित किये जाएंगे।
इस दौरान मैक्स अस्पताल, साकेत, नई दिल्ली के सुधांशु मिश्रा ने बताया कि आजकल की भागदौड़ भरी ज़िन्दगी एवं लोगों को फिट रखने के लिए मैक्स अस्पताल एवं खुशी फॉउण्डेशन द्वारा इस तरह के और भी सेमिनार आयोजित किया जाते रहेंगे।
खुशी फॉउण्डेशन की तरफ से ऋचा द्विवेदी द्वारा मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली और डॉ अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल, लखनऊ को धन्यवाद भी ज्ञापित किया । उन्होंने दोनों ही संस्थानों की तरफ से भविष्य में इस तरह के और भी शिविर आयोजित करने की अपेक्षा की जिससे कि स्वस्थ उत्तर प्रदेश, स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सके।
शिविर के दौरान खुशी फॉउण्डेशन एवं आशा ज्योति स्कूल के पदाधिकारियों के अलावा डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल से शमामा खातून, शादाब मालिक, अमर सिंह, विशेष शर्मा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा आशा ज्योति स्कूल से उपासना वर्मा एवं माला निगम ने भी शिविर में अपना सहयोग दिया एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

