मुंबई। आज के दौर में बॉलीवुड की कोई भी पार्टी प्लेलिस्ट या फिल्म का साउंडट्रैक बिना रैप (Rap) के अधूरा सा लगता है। रणवीर सिंह की फिल्म ‘गली बॉय’ ने तो इस कल्चर को घर-घर तक पहुंचा दिया, जिसने करीब एक दर्जन फिल्मफेयर अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे। आज की युवा पीढ़ी के लिए रैप का मतलब हनी सिंह, बादशाह, रफ्तार या डिवाइन है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में रैप का यह तूफान आज से 34 साल पहले ही आ चुका था?
देश को पहला असली ‘रैप स्टार’ साल 1992 में मिला था, और उनका नाम है— बाबा सहगल।
‘ठंडा-ठंडा पानी’ और रातों-रात बन गए सुपरस्टार
90 के दशक की शुरुआत में जब भारतीय संगीत जगत में रोमांटिक गानों का बोलबाला था, तब 1992 में बाबा सहगल ने अपना एल्बम ‘ठंडा-ठंडा पानी’ रिलीज किया। इस गाने ने देश में संगीत की परिभाषा ही बदल दी। उस दौर में इस एल्बम की रिकॉर्ड तोड़ कॉपियां बिकीं और बाबा सहगल भारत के पहले मशहूर रैपर के तौर पर उभरे। उन्हें ही भारत में रैप म्यूजिक का ट्रेंड शुरू करने का श्रेय दिया जाता है।
सरकारी नौकरी छोड़ी और थाम लिया माइक
बाबा सहगल का रैपर बनने का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले वे एक अच्छी-खासी सरकारी नौकरी में थे। बाबा सहगल बिजली विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे।
हालांकि, बचपन से ही किशोर कुमार के जबरदस्त फैन रहे बाबा का मन सरकारी फाइलों में नहीं लगता था। एक दिन उन्होंने अपने ‘बोरिंग रूटीन’ को अलविदा कहने और अपने संगीत के जुनून को जीने का बड़ा फैसला लिया। सरकारी नौकरी छोड़ने का उनका यह जोखिम काम कर गया और वे पॉप-रैप की दुनिया के बेताज बादशाह बन गए।
बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक बिखेरा जलवा
‘ठंडा-ठंडा पानी’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद बाबा सहगल ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने ‘मैं भी मैडोना’, ‘अलीबाबा’, ‘मिस 420’, ‘डबल गड़बड़’ और ‘तोरा-तोरा’ जैसे कई सुपरहिट एल्बम दिए।
सिर्फ सिंगिंग ही नहीं, बल्कि उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में एक्टिंग भी की। इसके अलावा साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री (तेलुगु और तमिल) में भी उन्होंने कई चार्टबस्टर गाने गाए हैं, जो आज भी बेहद लोकप्रिय हैं। 61 साल के हो चुके बाबा सहगल आज भी सोशल मीडिया और लाइव शोज के जरिए अपने अनूठे अंदाज से फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं।
India’s First Rapper: आज हर बॉलीवुड गाने में बजता है रैप, पर 34 साल पहले जिस दिग्गज ने इसकी नींव रखी, उनकी कहानी है बेहद दिलचस्प
अन्य ख़बर

