नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद की पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने पुलिस टीम पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रास्ते से एक बाइक लूटकर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने चितली कब्र इलाके में मुठभेड़ (Encounter) के बाद दबोच लिया।
मां और बहन से विवाद के मामले में बुलाया गया था थाने
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसे उसकी मां और बहन से जुड़े एक पारिवारिक विवाद की शिकायत पर पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। बातचीत के दौरान नबील अचानक आक्रामक हो गया और उसने पास मौजूद पुलिसकर्मियों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें, सर गंगा राम अस्पताल रेफर
• इस हमले में पांच पुलिसकर्मियों की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
• खून से लथपथ जवानों को तुरंत नजदीकी संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
• हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बाइक लूटकर भागा आरोपी, चितली कब्र में हुआ एनकाउंटर
थाने में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नबील मौके से फरार हो गया और भागने के लिए रास्ते में एक दोपहिया वाहन (बाइक) भी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे चितली कब्र इलाके में घेर लिया।
जब पुलिस टीम ने नबील को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। खुद को घिरता देख और लगातार हो रहे हमलों के बीच पुलिस टीम को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी, जिसके बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

