गुजरात और राजस्थान में दो बड़े सड़क हादसे, 16 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

नई दिल्ली। गुजरात और राजस्थान में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में कुल 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। गुजरात के कच्छ में ट्रक और कार की टक्कर में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की जान चली गई। वहीं, राजस्थान के कोटा में ट्रक से टकराने के बाद क्रूजर वाहन में सवार नौ लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों हादसों पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

कच्छ में ट्रक ने कार को मारी टक्कर, तीन बच्चों की भी मौत

गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की बच्ची भी थी।

पुलिस के अनुसार, परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई।

कोटा-उदयपुर हाईवे पर ट्रक से भिड़ा क्रूजर, नौ की मौत

राजस्थान के कोटा में रविवार तड़के एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास तेज रफ्तार क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, क्रूजर में बच्चों समेत एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे और खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई थी, जिससे क्रूजर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

ट्रक में खराबी की जांच कर रहा था चालक

ट्रक चालक हारून ने बताया कि वाहन में खराबी आने के बाद उसने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़े होकर उसकी जांच कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक चालक करीब 20 फुट दूर जाकर गिरा। लगभग 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में उसके घुटनों और सिर पर भी चोट आई है।

घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम भी अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गुजरात के कच्छ और राजस्थान के कोटा में हुए सड़क हादसों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने दोनों हादसों में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular