लखनऊ।उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की एक अहम बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अब 125 सीटों से कम पर समझौता करने के मूड में नहीं है। बैठक में गठबंधन बनाए रखने के विकल्पों के साथ-साथ अकेले चुनाव लड़ने की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। अब इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की आगामी मुलाकात में होने की संभावना है।
दिल्ली में दिग्गजों का मंथन, जीत वाली सीटों पर फोकस
शुक्रवार को दिल्ली स्थित 10 राजाजी मार्ग पर हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और सांसद इमरान मसूद मौजूद रहे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम वर्चुअल माध्यम से जुड़े। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस का मुख्य जोर केवल सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय जीत की संभावना वाली सीटों पर है। बैठक में संभावित सीटों की नई सूची और दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनावी अभियान शुरू करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
सीटों के आंकड़ों पर फंसी है बात
गौरतलब है कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, जिसे कांग्रेस नेतृत्व नाकाफी मान रहा है। शुरुआत में 181 सीटों का दावा करने वाली कांग्रेस बाद में 130 सीटों पर आई थी और अब 100 से 125 सीटों के बीच अपनी दावेदारी मजबूत कर रही है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच जल्द होने वाली बैठक में इस गतिरोध को दूर किया जा सकता है।
इमरान मसूद का सपा पर फिर हमला, कहा- 26 सीटों का प्रस्ताव मंजूर नहीं
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सलाह के बावजूद कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद शुक्रवार को एक बार फिर सपा पर हमलावर दिखे। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि बसपा से गठबंधन के बावजूद सपा महज पांच सीटों पर क्यों सिमट गई थी? मसूद ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में सपा को मिली 37 सीटों की जीत राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से बने माहौल का नतीजा थी।
105 से अधिक सीटों की दोहराई मांग
इमरान मसूद ने दो टूक कहा कि हर बार केवल कांग्रेस ही बड़ा दिल क्यों दिखाए? उन्होंने 26 सीटों के प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि पार्टी इस पर मान गई, तो 2029 के चुनाव में सपा इसी आधार पर कांग्रेस के जनाधार को शून्य बताएगी। उन्होंने चुनौती दी कि सपा इन 26 सीटों पर भी खुद ही चुनाव लड़कर जीत हासिल करे। मसूद ने 105 से अधिक सीटों की मांग दोहराते हुए कहा कि 2017 में कमजोर स्थिति के बावजूद पार्टी इतनी सीटों पर लड़ी थी, जबकि आज संगठन काफी मजबूत है। खुद को गठबंधन विरोधी बताए जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वे पार्टी के लिए समर्पित हैं और सच बोलने से पीछे नहीं हटेंगे।
यूपी: 181 से 125 सीटों तक आई कांग्रेस, राहुल-अखिलेश की बैठक में होगा गठबंधन पर अंतिम फैसला; इमरान मसूद के तेवर फिर तल्ख
अन्य ख़बर

