सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच जिले का सियासी पारा चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी ने सहयोगी दलों के साथ मिलकर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पर एनडीए की संयुक्त बैठक में बूथ प्रबंधन से लेकर चुनावी रणनीति तक मंथन हुआ। प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा करार दिया, वहीं राजस्थान के सांसद सीपी जोशी ने कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के दम पर चुनावी जीत का मंत्र दिया।भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गठबंधन दलों ने एकजुटता दिखाते हुए जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का संकल्प लिया। बैठक में संगठन की मजबूती, सहयोगी दलों के बीच समन्वय और बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों को धार देने पर जोर रहा।प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दावा किया कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने सपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बीते वर्षों में 10.5 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। एमएसएमई और युवा उद्यम योजनाओं के माध्यम से दो करोड़ से अधिक लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ा गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा विकास और रोजगार की राजनीति के बजाय झूठ, भ्रम और अराजकता को बढ़ावा देती है। कार्यकर्ता विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ दें। प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान कराने का भरोसा भी दिलाया।विशिष्ट अतिथि सांसद सीपी जोशी ने कहा कि विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। कार्यकर्ता अगले तीन महीने पार्टी को समर्पित कर ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने गरीब सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने संबंधी कानून का जिक्र करते हुए दावा किया कि कार्यकर्ताओं के दम पर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर एनडीए जीत दर्ज करेगा।भाजपा जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के गुर बताए। जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने मिशन-2027 में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा एडवोकेट, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिराम निषाद और राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष बेलाल अहमद ने भी बैठक को संबोधित किया।जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप सिंह ने किया। इस दौरान पांचों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष और एनडीए के सहयोगी दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की इस संयुक्त बैठक ने जिले की सियासी हलचल बढ़ा दी है। गठबंधन ने पांचों सीटों पर जीत का लक्ष्य तो तय कर लिया है, लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करने में बूथ प्रबंधन और सहयोगी दलों के बीच जमीनी समन्वय की अहम भूमिका होगी।
मिशन 2027: पांचों सीटों पर जीत के लिए एनडीए ने फूंका चुनावी बिगुल, सांसद सीपी जोशी ने दिया बूथ मजबूती का मंत्र
34359
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

