व्यापारियों के मुद्दों पर सरकार का भरोसा, शीतकालीन सत्र में गूंजेगी सुरक्षा व प्रतिनिधित्व की मांग

सुल्तानपुर। व्यापारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने शासन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। व्यापारी परिवारों को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, दुर्घटना बीमा की धनराशि दोगुनी करने और विधान परिषद में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई है। शनिवार को व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव और विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने दिसंबर में होने वाले शीतकालीन सत्र में इन मांगों को उठाने का भरोसा दिलाया।व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय और क्षेत्रीय प्रभारी अमर बहादुर सिंह के दिशा-निर्देशन में जिला प्रभारी प्रविंद्र भालोटिया एवं जिलाध्यक्ष विजय प्रधान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्री और विधान परिषद सदस्य से मुलाकात की। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के माध्यम से भी मुख्यमंत्री तक मांगें पहुंचाने की पहल की गई।व्यापार मंडल ने आपातकालीन परिस्थितियों में व्यापारी परिवारों को आर्थिक संकट से बचाने के लिए 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग रखी।व्यापारियों ने आगजनी, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से दुकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान नष्ट होने की स्थिति में तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके लिए पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त करने पर जोर दिया गया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के मद्देनजर पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी उठाई गई।व्यापार मंडल ने शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर विधान परिषद में व्यापारी प्रतिनिधियों को भी स्थान देने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि सदन में प्रतिनिधित्व मिलने से व्यापारियों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।प्रभारी मंत्री और विधान परिषद सदस्य ने व्यापारियों की मांगों को शीतकालीन सत्र में रखने के साथ ही मुख्यमंत्री से इनके निराकरण का अनुरोध करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अब व्यापारी समाज की निगाहें शीतकालीन सत्र और प्रदेश सरकार के फैसले पर टिकी हैं।इस मौके पर युवा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आकाश जायसवाल, जिला महामंत्री तेजीन्द्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, जिला संगठन महामंत्री अमरचंद्र साहू, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोपाल सोनी, विनय सिंह, सुनील सिंह, मनीष कसौधन, राजेश श्रीवास्तव, बजरंगी साहू, हरदीप सिंह, श्याम सुंदर कसौधन, अंकित अग्रहरी, भोला सोनी, शिव पूजन और यश जायसवाल समेत व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular