मुरादाबाद l डायरिया के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को कम्पोजिट विद्यालय लदावली, विकास क्षेत्र-छजलैट में पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गयी l इसके साथ ही विद्यालय के 52 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया l रोल प्ले के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं ने डायरिया से बचाव के जरूरी संदेश दिए l
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा-छह, सात और आठ के 29 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया l सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया l पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कक्षा-छह की काजल, द्वितीय स्थान पर कक्षा-छह के ही अंश और तृतीय स्थान पर कक्षा-सात की दिशा रहीं। करुणा एवं आयुषी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव और उपचार के बारे में जरूरी टिप्स दिए गए। बच्चों को सेहतमंद रहने के फायदे और बीमारियों से बचने के जरूरी उपाय भी बताए गए। यह भी बताया गया कि डायरिया समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रहने के लिए हाथों की स्वच्छता का खास ख्याल रखा जाए, क्योंकि दूषित हाथों से खाना खाने या नाक-आँख को छूने से संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने की पूरी आशंका बनी रहती है। हाथों को सही तरीके से धुलने के प्रमुख छह चरणों के बारे में भी बताया गया और इसका अभ्यास भी कराया गया। खाना बनाने, खाना खाने से पहले और शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह से अवश्य धुलें। घर का बना शुद्ध और ताजा भोजन ही ग्रहण करें और स्वच्छ जल ही पियें। इसके बाद विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और डायरिया से जुड़े जरूरी संदेशों को ब्रश और कलर के माध्यम से आकर्षक ढंग से पोस्टर पर उकेरा। कार्यक्रम में भाग ले रहे विद्यार्थियों ने कहा कि आज यहाँ पर डायरिया से जुड़ी जो जरूरी जानकारी मिली है, उसे घर जाकर अपने भाइयों-बहनों व परिवार वालों से भी साझा करेंगे l
स्वास्थ्य विभाग से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कविता ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया l आशा कार्यकर्ताओं ने तीन या तीन से अधिक बार बच्चों को पतली दस्त होने पर ओआरएस और जिंक देने के बारे में बताते हुए कहा कि डायरिया की स्थिति में ओआरएस शरीर में पानी की होने वाली कमी को रोकता है l कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता मंजू, ललिता, रेखा, मोनी, अध्यापिका प्रीति वर्मा, रेनू, स्वाति शर्मा, प्रीति अग्रवाल, कंचन एवं ममता और पीएसआई इंडिया से मोहम्मद रिजवान, ममता सैनी आदि मौजूद रहे l

