मथुरा। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ग्राम सरूपा, विकासखंड राया में बृहस्पतिवार को छात्राओं को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव, उपचार और ओआरएस व जिंक की महत्ता के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके लिए “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केन्वयू के सहयोग से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी । प्रतियोगिता में विद्यालय की 56 छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-आठ की यति ने प्रथम, कक्षा-आठ की खुशी ने द्वितीय और कक्षा आठ की ही तनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, इसके साथ ही कक्षा-आठ की गुंजन को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम की डा. भावना एवं राजकुमार ने बालिकाओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से डायरिया से बचाव के जरूरी संदेश दिए गए और टीकाकरण सारणी के अनुसार सारे टीके लगवाने के बारे में भी बताया गया । छात्राओं को बताया गया कि डायरिया (दस्त) से बचाव के लिए स्वच्छता और खानपान का खास ख्याल रखना जरूरी है । हाथों की स्वच्छता का पूरा ख्याल रखें और हमेशा स्वच्छ जल ही पियें और ताजा ढका हुआ भोजन ही खाएं। ओआरएस घोल का सेवन निर्जलीकरण (शरीर में पानी की कमी) को रोकता है जबकि रोटावायरस टीकाकरण बच्चों को डायरिया से बचाता है। जिंक की खुराक को दस्त ठीक होने के बाद भी 14 दिनों तक जारी रखें।
इस मौके पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों से डायरिया के बारे में जरूरी सवाल पूछकर सही उत्तर देने वालों को भी पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य हरप्यारी द्वारा सभी को बेहतर स्वास्थ्य से होने वाले फायदे और साफ-सफाई के महत्व के बारे में बताया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएसआई इंडिया की तरफ से अजय कुमार और चोब सिंह सहित विद्यालय की तृप्ति, मीनाक्षी, धर्मेश एवं सुनीता का विशेष सहयोग रहा।

