जवाबी टैरिफ पर घर में ही घिरे ट्रंप, अब अरबपति बिल एकमैन ने साधा निशाना, कहा- प्रशासन ने की गलती

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जवाबी टैरिफ पर घर में ही घिरते नजर आ रहे हैं। ट्रंप के शीर्ष समर्थकों में से एक अरबपति बिल एकमैन ने अब उन पर निशाना साधा है। एकमैन ने कहा कि टैरिफ के कारण अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिष्ठा खतरे में है। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ की गणना करने के लिए जो फॉर्मूला इस्तेमाल किया, वह गलत है, जिसके चलते टैरिफ वास्तविकता से चार गुना अधिक दिखाई दिए।
एकमैन ने एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा, ‘ट्रंप अर्थशास्त्री नहीं हैं। वे गणनाओं को करने के लिए अपने सलाहकारों पर निर्भर हैं, ताकि वे नीति निर्धारित कर सकें। खराब गणित की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था नीचे जा रही है।’
ट्रंप ने विश्व के व्यापारिक नेताओं का विश्वास खोया
एकमैन ने कहा कि व्यापार विश्वास का खेल है। ट्रंप ने उस विश्वास का उल्लंघन किया है, जिसके चलते वह दुनियाभर के व्यापारिक नेताओं का विश्वास खो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे देश और हमारे लाखों नागरिकों के लिए जवाबी टैरिफ का परिणाम गंभीर रूप से नकारात्मक होगा, खासकर उन लोगों पर जिन्होंने ट्रंप का समर्थन किया। यह वह नहीं हैं, जिसके लिए हमने वोट दिया था।’
भारी टैरिफ लगाकर शुरू किया वैश्विक आर्थिक युद्ध
एकमैन ने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिका अनुचित व्यापार प्रथाओं का शिकार है, लेकिन असंगत टैरिफ से अमेरिका में अन्य देशों का व्यापारिक विश्वास टूट सकता है। उन्होंने कहा, ‘अपने दोस्तों और दुश्मनों पर समान रूप से भारी टैरिफ लगाकर हमने वैश्विक आर्थिक युद्ध शुरू किया है, जो पूरी दुनिया के साथ हमारे व्यापारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाएगा।’
टैरिफ नीति से रुक जाएगा व्यापारिक निवेश
एकमैन ने ट्रंप की टैरिफ नीति को ‘आर्थिक परमाणु युद्ध’ बताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि टैरिफ नीति से व्यापारिक निवेश रुक जाएगा, उपभोक्ता खर्च कम हो जाएगा, और अंतत: अमेरिका की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा और इसे फिर से बनने में दशकों लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे न केवल बड़े बल्कि छोटे व्यवसाय भी प्रभावित होंगे।
ट्रंप को एकमैन की सलाह- हमें झुकना शुरू कर देना चाहिए
एकमैन ने कहा कि जब बाजार गिरते हैं, तो नया निवेश रुक जाता है, उपभोक्ता पैसा खर्च करना बंद कर देते हैं। व्यवसायों के पास निवेश कम करने और कर्मचारियों को निकालने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका ‘आर्थिक परमाणु शीतकाल की ओर बढ़ रहा है।’ एकमैन ने ट्रंप को सलाह देते हुए कहा, ‘हमें झुकना शुरू कर देना चाहिए।’
जेमी डिमन ने भी मंदी के खतरे की चेतावनी दी
जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेमी डिमन ने भी मंदी के खतरे की चेतावनी दी है। शेयरधारकों को लिखे अपने वार्षिक पत्र में, उन्होंने अमेरिका और उसके सबसे करीबी सहयोगियों के बीच व्यापार सौदों की कमी को चिह्नित किया। डिमन ने सुझाव दिया कि अमेरिका को भारत जैसे देशों के साथ मजबूत व्यापार संबंध विकसित करने चाहिए, बजाय इसके कि वे उन्हें अमेरिका के साथ जुड़ने के लिए कहें। इसके अलावा, रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज ने भी चेतावनी दी कि अगर अमेरिका मंदी में चला जाता है, तो 2026 में राजनीतिक स्थिति खराब हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here