प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा को दी 60,000 करोड़ की योजनाओं की सौगात, कहा- भाजपा गरीबों की सरकार

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे हैं। जहां उन्होंने कई क्षेत्रों में 60,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इनमें दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे कई क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं।
देश के संचार तंत्र को मजबूत करने के लिए, प्रधानमंत्री ने 97500 से अधिक मोबाइल 4जी टॉवर्स का उद्घाटन किया। इन टॉवर्स का निर्माण लगभग 37000 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी तकनीक के साथ किया गया है। इसके जरिए दूरदराज, सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 26,700 से अधिक गांवों में कनेक्टिविटी पहुंचाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने आठ आईआईटी के विस्तार के लिए शिलान्यास भी किया, जिससे आने वाले चार वर्षों में 10000 नए छात्रों के लिए क्षमता तैयार होगी। साथ ही, उन्होंने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को मजबूत करने के लिए ओडिशा सरकार की कई पहलों की शुरुआत भी की।
पीएम ने अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
ओडिशा झारसुगुड़ा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुर और उधना (सूरत) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो राज्यों में किफायती और आरामदायक संपर्क प्रदान करेगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी, रोजगार के अवसर पैदा करेगी और प्रमुख आर्थिक जिलों को जोड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झारसुगुड़ा में राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सम्मानित किया।
ओडिशा दौरे को लेकर पीएम मोदी का ट्वीट
वहीं अपने इस दौरे से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन करने के लिए ओडिशा के झारसुगुड़ा में रहूंगा। एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, पूरे भारत में 97500 से अधिक दूरसंचार टावर चालू किए जाएंगे। ये स्थानीय तकनीकों का उपयोग करके बनाए गए हैं और दूरदराज के इलाकों, सीमावर्ती इलाकों और माओवाद से प्रभावित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगे। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- शुभारंभ या शिलान्यास की जा रही अन्य परियोजनाएं रेल संपर्क, आईआईटी के बुनियादी ढांचे का विस्तार, कौशल विकास केंद्र, आवास और बहुत कुछ से संबंधित हैं। ये कार्य एक ऐसे विकसित भारत के निर्माण के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, जहां गरीबों और वंचितों को सर्वांगीण विकास की सुविधा मिले।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular