मेरठ। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो शनिवार से मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में शुरू हो गया। सुबह नौ बजे से जांबाज पायलटों ने आसमान में रोमांचक हवाई करतब दिखाए। एयर शो को लेकर जमीन से आसमान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
एयर शो से एक दिन पहले शुक्रवार को सूर्य किरण टीम के पांच विमानों ने मोहिउद्दीनपुर के आसमान में पूर्वाभ्यास किया। विमानों की शानदार कलाबाजियां देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इस दौरान फाइटर पायलटों ने अलग-अलग फॉर्मेशन और हवाई करतबों का अभ्यास किया।
सैन्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, एयर शो स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। शनिवार और रविवार को यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को शो स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
पांच मीटर की दूरी पर उड़ेंगे विमान
स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एशिया की एकमात्र नौ एयरक्राफ्ट एयरोबेटिक टीम है। उनके मुताबिक, विमान कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी की कमान में एक-दूसरे से महज पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरेंगे। इस दौरान वायुसेना के प्रोफेशनलिज्म और एक्यूरेसी का प्रदर्शन किया जाएगा।
नौ हॉक विमान दिखाएंगे रोमांचक करतब
रविवार सुबह भी नौ बजे नौ हॉक एमके-132 विमान आसमान में उड़ान भरेंगे। करीब 35 मिनट के प्रदर्शन के दौरान ये विमान बेहद कम अंतर पर अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। दर्शकों को लूप, हार्ट, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्यूवर जैसे हवाई करतब देखने को मिलेंगे।
विमानों से निकलने वाली केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरेंगी।
मेरठ के तीन पायलट भी टीम में शामिल
सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम में मेरठ के रहने वाले स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी शामिल हैं। एयर शो के दौरान मेरठ के ये तीनों पायलट भी आसमान में हवाई करतब दिखाएंगे।
100 बीघा में तैयार हुआ आयोजन स्थल
एयर शो के लिए करीब 100 बीघा जमीन में आयोजन स्थल तैयार किया गया है। दर्शकों के लिए तीन प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं। यहां बड़ा खुला पंडाल, खाने-पीने की व्यवस्था के साथ वीवीआईपी और वीआईपी के लिए अलग इंतजाम किए गए हैं।
अधिकारियों ने पार्किंग स्थल, प्रवेश मार्ग, वायुसेना के जवानों के लिए बनाए जा रहे मंच और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर तीन गैलरी और पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन पर प्रतिबंध
सूर्य किरण एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा के अनुसार, आयोजन स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को शो स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
मोहिउद्दीनपुर न्यू टाउनशिप में एयर शो को देखते हुए यातायात पुलिस ने 19 और 20 सितंबर के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। दोनों दिन सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव के अनुसार, हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर से एनएच-58 से आने वाले भारी वाहनों को इंटरचेंज के ऊपर से काशी टोल प्लाजा होते हुए मोदीनगर-गाजियाबाद की ओर भेजा जाएगा।
गाजियाबाद से आने वाले भारी वाहनों पर रोक
गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मेरठ की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को मोदीनगर से भोजपुर की ओर डायवर्ट कर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
काशी टोल प्लाजा से भी भारी वाहनों को मोदीनगर और गाजियाबाद की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, हापुड़ की ओर से मेरठ आने वाले भारी वाहनों को टियाला अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा।
सिवालखास-गेझा रोड पर आवागमन बंद
सिवालखास से गेझा रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। टीपी नगर गेट और दिल्ली रोड की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बिजली बंबा बाईपास के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।


